केंद्र ने पश्चिम बंगाल को पेयजल परियोजनाओं के लिये 168 करोड़ रुपये जारी करने से इनकार कर दिया है। केंद्र का कहना है कि राज्य के लिये जो राशि पहले दी गयी थी उसे प्रदेश सरकार ने अभी खर्च नहीं किया है।
राष्ट्रपति चुनाव को लेकर कांग्रेस तथा तृणमूल कांग्रेस के बीच संबंधों में आयी खटास के बाद केंद्र की तरफ से यह बयान आया है। तृणमूल कांग्रेस की प्रमुख तथा राज्य की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने राष्ट्रपति पद के लिये संप्रग उम्मीदवार प्रणव मुखर्जी को समर्थन देने को लेकर प्रतिबद्धता नहीं जतायी है।
तृणमूल कांग्रेस के नेताओं से इस बारे में कुछ भी टिप्पणी करने से मना कर दिया।
ग्रामीण विकास मंत्री जयराम रमेश ने मुख्यमंत्री ममता बनर्जी को पत्र लिखकर उपलब्ध कोष खर्च करने तथा इस बारे में केंद्र को रिपोर्ट करने को कहा है।
रमेश ने परियोजना में देरी को रेखांकित करते हुए कहा, एनआरडीडब्ल्यूपी :राष्ट्रीय ग्रामीण पेय जल कार्यक्रम: कोष की पहली किस्त 168.47 करोड़ रुपये अबतक जारी नहीं की जा सकी है क्योंकि आपके राज्य ने इस मद में एक जून 2012 तक जारी 253.29 करोड़ रुपये खर्च नहीं किये।
उन्होंने ममता को सूचित किया कि केंद्र तभी कोष जारी करेगा जब पहले की राशि खर्च करने के बारे में रिपोर्ट उसे मिलेगी।