Vodafone Idea Share Price: पैसों की तंगी से जूझ रही टेलीकॉम कंपनी वोडाफोन आइडिया के अच्छे दिन लौटते नजर आ रहे हैं। फंड जुटाने की खबरों के बीच शेयरों में जोरदार तेजी देखने को मिल रही। बुधवार को जोरदार तेजी के चलते शेयर ने 2024 के बाद पहली बार 15 रुपये के अहम लेवल के पार किया। कारोबार के दौरान शेयर बीएसई पर 15.37 रुपये तक पहुंचा, जो इसका नया 52-वीक हाई भी है। पिछले 6 महीने में शेयर का भाव करीब 40 फीसदी उछल चुका है। एक्सपर्ट मान रहे हैं कि आने वाले दिनों में वोडाफोन आइडिया का भाव और बढ़ेगा।
एंजल वन के टेक्निकल एनलिस्ट हितेश राठी कहतें हैं कि वोडाफोन आइडिया का टेक्निकल स्ट्रक्चर ऊपर की ओर शुरुआती ट्रेंड रिवर्सल के संकेत दे रहा है। जबकि इसका ओवरऑल स्ट्रक्चर अभी भी कंसोलिडेशन की स्थिति में है। इसकी रेंज ऊपर की तरफ 20 के लेवल के आसपास और मजबूत सपोर्ट 6 रुपये के लेवल पर साफ तौर पर दिख रही है।
स्वास्तिका इनवेस्टमार्ट के सीनियर टेक्निकल एनलिस्ट प्रवेश गौड़ ने कहा कि वोडाफोन आइडिया का शेयर टेक्निकली पॉजिटिव नजर आ रहा। चार्ट पर मीडियम टर्म ट्रेंड में सुधार के साफ संकेत मिल रहे। क्योंकि शेयर ने हायर-हाई और हायर-लो पैटर्न बनाया है। साथ ही अहम मूविंग एवरेज के ऊपर बना हुआ है।
उन्होंने बताया कि शेयर में तगड़े वॉल्युम से 14.30-14.50 रुपये के ऊपर ब्रेकआउट देखने को मिला, जिससे बुलिश सेटअप को मजबूती मिली है। मोमेंटम इंडिकेटर्स भी सपोर्टिव है। RSI तेजी से रिकवर हुआ है और ऊपर की ओर बढ़ रहा। जबकि MACD पॉजिटिव क्रॉसओवर बना रहा, जो मजबूत खरीदारी के संकेत दे रहा।
राठी कहते हैं कि शेयर के 3%*3 पॉइंट एंड फिगर चार्ट पर ‘बेयर ट्रैप’ पैटर्न और ‘एंकर कॉलम’ बनाने के बाद अब ‘बुलिश फॉलो-थ्रू डबल टॉप बाय’ सिग्नल मिला है, जो आने वाले समय में इसके हायर लेवल पर जाने का संकेत हैं।
जबकि प्रवेश गौड़ मानते हैं कि आगे चलकर शेयर के लिए 15.50 रुपये का स्तर इमीडिएट रेजिस्टेंट का काम कर सकता है। अगर अच्छे वॉल्यूम के साथ भाव इस लेवल के ऊपर बना रहा है, तो यह 16 और 17 रुपये की ओर जा सकता है। डाउनसाइड में 14.20 रुपये से 14.35 रुपये का स्तर इमीडिएट सपोर्ट जोन है, जबकि 13.25 से 13 रुपये का जोन अहम मीडियम टर्म सपोर्ट बना हुआ है।
Also Read: मैक्स, फोर्टिस या मेदांता? दिल्ली मास्टर प्लान 2047 से किस हॉस्पिटल शेयर को होगा सबसे ज्यादा फायदा
बाजार में जारी उतार-चढ़ाव के बीच वोडाफोन आइडिया के शेयरों में तेजी का ट्रिगर फंड जुटाने की योजना रही। क्योंकि निवेशकों को उम्मीद है कि वोडाफोन आइडिया जल्द ही बैंकों से बड़ी रकम जुटाने की प्रक्रिया पूरी कर सकती है।
खबरों के मुताबिक कंपनी भारतीय स्टेट बैंक (SBI) की अगुआई वाले सरकारी बैंकों के ग्रुप से कर्ज लेने के लिए बातचीत के अपने आखिरी फेज में है। इसी खबर से शेयरों में जोश देखने को मिला। रिपोर्ट्स के मुताबिक वोडाफोन आइडिया SBI की अगुआई वाले 6-7 सरकारी बैंकों के ग्रुप से बड़ा कर्ज लेने की तैयारी कर रही है।
बताया जा रहा है कि SBI अपनी ओर से रकम देने के लिए तैयार है। हालांकि, पैसा तभी जारी किया जाएगा, जब इस ग्रुप में शामिल बाकी बैंक भी अपने-अपने हिस्से के कर्ज को मंजूरी दे देंगे।
वोडाफोन आइडिया कर्ज से मिली रकम का इस्तेमाल अपने मोबाइल नेटवर्क को बढ़ाने के लिए करेगी। साथ ही 4G और 5G सर्विसेज को बेहतर बनाने के लिए खर्च किया जाएगा। ICICI सिक्योरिटीज के मुताबिक वोडाफोन आइडिया ने नोकिया, एरिक्सन और सैमसंग जैसी कंपनियों को नेटवर्क इक्विपमेंट्स के लिए 9,000 करोड़ रुपये से ज्यादा के ऑर्डर भी दे दिए हैं।
लंबे समय से पैसों की कमी जूझ रही वोडाफोन आइडिया शुरुआती फेज में 6400 करोड़ रुपये जुटा चुकी है, जिसमें से 1183 करोड़ रुपये प्रोमोटर आदित्य बिड़ला ग्रुप को जारी किए गए वारंट से मिले हैं। जबकि बाकी रकम फॉरेन लेंडर्स और भारत के प्राइवेट बैंकों से जुटाई गई है।
FY27 की पहली तिमाही में वोडाफोन आइडिया की रेवेन्यू में सालाना आधार पर 6 फीसदी बढ़त दर्ज की गई, जो 11,689 करोड़ रुपये रही। कैश EBITDA 13.5 फीसदी बढ़कर 2,475 करोड़ रुपये रहा। इस दौरान कंपनी के नेट सब्सक्राइबर्स की संख्या बढ़कर 19.31 करोड़ हो गई। मर्जर के बाद यह पहला मौका था जब किसी पूरी तिमाही में कंपनी ने सब्सक्राइबर्स की संख्या में बढ़ोतरी दर्ज की।
कंपनी के मुताबिक प्रति ग्राहक औसत कमाई यानी ARPU में लगातार 20 तिमाहियों से सुधार हो रहा है। जून तिमाही में कंपनी के नेट सब्सक्राइबर्स में 4G और 5G सब्सक्राइबर्स की हिस्सेदारी बढ़कर 67.4 फीसदी हो गई, जो एक साल पहले 64.4 फीसदी थी।
एंजल वन के हितेश राठी कहते हैं कि चार्ट पर बुलिश सेटअप का बनना निश्चित रूप से बेहतर होते टेक्निकल स्ट्रक्चर की ओर इशारा करता है, लेकिन ओवरऑल साइडवेज ट्रेंड और 18-20 बैंड के पास ‘बेयरिश 100% पोल’ का बनना हायर लेवल पर मजबूत रेजिस्टेंस की ओर इशारा करता है, जिससे ऊपर की ओर का रास्ता मुश्किल लग रहा है।
वहीं, प्रवेश गौड़ कहते हैं कि शेयर का टेक्निकल स्ट्रक्चर बुलिश बना हुआ है। ऐसे में निवेशकों को किसी भी गिरावट में सपोर्ट जोन के पास खरीदारी का रुझान देखने को मिल सकता है। जब तक की शेयर 14.20 रुपये के ऊपर बना हुआ है।
(डिस्क्लेमर: यहां दी गई राय ब्रोकरेज/एक्सपर्ट की है। बिज़नेस स्टैंडर्ड इन विचारों से सहमत होना जरूरी नहीं समझता और निवेश से पहले पाठकों को अपनी समझ से फैसला करने की सलाह देता है।)