Vishal Mega Mart Share Price: विशाल मेगा मार्ट के शेयरों में सोमवार, 24 अगस्त को शुरुआती कारोबार में जोरदार तेजी देखने को मिली। कंपनी के बोर्ड ने गुनेंदर कपूर को अगले पांच साल के लिए मैनेजिंग डायरेक्टर (MD) और चीफ एग्जीक्यूटिव ऑफिसर (CEO) के पद पर फिर से नियुक्त करने को मंजूरी दी है। इस खबर के बाद निवेशकों की खरीदारी बढ़ी और शेयर करीब 9.5 फीसदी तक चढ़ गया।
बीएसई पर विशाल मेगा मार्ट का शेयर शुरुआती कारोबार में 9.50 फीसदी की बढ़त के साथ 113.45 रुपये तक पहुंच गया। इससे पहले शुक्रवार को शेयर 103.60 रुपये पर बंद हुआ था। सोमवार को स्टॉक 109 रुपये पर खुला।
सुबह 9:50 बजे तक शेयर करीब 8.5 फीसदी की तेजी के साथ 112.40 रुपये पर कारोबार कर रहा था। इसी समय सेंसेक्स में करीब 0.15 फीसदी की बढ़त थी। बीएसई और एनएसई को मिलाकर करीब 3.9 करोड़ शेयरों का कारोबार हो चुका था।
कंपनी ने शुक्रवार को एक्सचेंजों को दी जानकारी में बताया कि गुनेंदर कपूर को 1 सितंबर 2026 से पांच साल के लिए फिर से नियुक्त किया गया है। उन्हें अब Founder, Managing Director & Chief Executive Officer के तौर पर जिम्मेदारी दी गई है।
कंपनी के मुताबिक उनका नया कार्यकाल 1 सितंबर 2026 से शुरू होकर 31 अगस्त 2031 तक रहेगा। यह नियुक्ति कंपनी के शेयरधारकों की मंजूरी के अधीन है।
कपूर को इससे पहले 27 जून 2024 से तीन साल के लिए MD और CEO नियुक्त किया गया था। उनका मौजूदा कार्यकाल 26 जून 2027 को समाप्त होना था।
गुनेंदर कपूर को कंज्यूमर और रिटेल सेक्टर में 42 साल से ज्यादा का अनुभव है। अपने करियर में वह Hindustan Lever Limited, Unilever Nigeria, Reliance Industries और TPG Capital जैसी कंपनियों से जुड़े रहे हैं।
कंपनी ने यह भी कहा है कि कपूर पर किसी सेबी आदेश या किसी अन्य प्राधिकरण के आदेश के तहत निदेशक पद संभालने पर कोई रोक नहीं है।
Bonanza के रिसर्च एनालिस्ट Prathamesh Kadival के मुताबिक, कपूर को अगस्त 2031 तक कंपनी की कमान सौंपे जाने से एक बड़ी चिंता दूर हुई है। उन्होंने 2011 से कंपनी के कारोबार में बदलाव और सुधार की प्रक्रिया का नेतृत्व किया है। ऐसे समय में उनका बने रहना अहम है, जब कंपनी तेजी से अपने स्टोर नेटवर्क का विस्तार कर रही है।
हालांकि, कंपनी के शेयर की वैल्यूएशन अभी भी एक बड़ी चिंता है। विश्लेषक के मुताबिक शेयर ऊंचे अर्निंग्स मल्टीपल पर कारोबार कर रहा है, यानी बाजार में कंपनी की ग्रोथ को लेकर पहले से काफी उम्मीदें शामिल हैं। कारोबार का प्रदर्शन अच्छा रहने के बावजूद मौजूदा कीमत पर निवेशकों के लिए गलतियों की गुंजाइश सीमित हो सकती है।