15-17 वर्ष के 1 करोड़ किशोरों को पूर्ण टीका

Published by
बीएस संवाददाता
Last Updated- December 11, 2022 | 9:21 PM IST

अभियान शुरू होने के बाद एक महीने से कुछ ही अधिक समय में भारत ने बुधवार को कोविड के खिलाफ 15 से 17 वर्ष वाले आयु वर्ग के एक करोड़ से अधिक किशोरों का पूर्ण टीकाकरण कर लिया है। स्वास्थ्य मंत्रालय ने यह जानकारी दी है। सरकार ने 3 जनवरी को इस आयु वर्ग वाले युवाओं के लिए टीकाकरण शुरू किया था।
15-17 वर्ष वाले आयु वर्ग में भारत की कुल जनसंख्या करीब 7.4 करोड़ है। स्वास्थ्य मंत्रालय के आंकड़ों से पता चलता है कि जहां एक ओर अब तक लगभग 14 प्रतिशत का पूरी तरह से टीकाकरण हो चुका है, वहीं दूसरी ओर पांच करोड़ से अधिक किशोर अपनी पहली खुराक ले चुके हैं।
इससे पहले सरकार कह चुकी है कि टीकाकरण अभियान का विस्तार 12 से 15 साल वालों के लिए करने को वह वैज्ञानिक आंकड़ों की जांच कर रही है। इस संबंध में अब कोई निर्णय नहीं लिया गया है। स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मांडविया ने एक ट्वीट में कहा ‘युवा भारत द्वारा क्या ऐतिहासिक कारनामा …’ केंद्र ने हाल ही में राज्यों को 15-17 आयु वर्ग वाले युवाओं के लिए दूसरी खुराक के टीकाकरण पर जोर देने के लिए पत्र लिखा था। आंध्र प्रदेश 15-17 वर्ष की अपनी पूरी किशोर आबादी को पहली खुराक दे चुका है।
कुल मिलाकर 96 प्रतिशत से अधिक वयस्क आबादी का पहली खुराक के साथ टीकाकरण हो चुका है, जिसमें से 76 प्रतिशत से अधिक का पूर्ण टीकाकरण हो चुका है। 20 ऐसे राज्य हैं जिनका पहली खुराक के साथ टीकाकरण राष्ट्रीय औसत से अधिक है, 16 राज्यों ने अपनी पूरी वयस्क आबादी का पहली खुराक के साथ टीकाकरण कर लिया है।
गोवा, हिमाचल प्रदेश, चंडीगढ़, जम्मू कश्मीर, अंडमान निकोबार द्वीप समूह और लक्षद्वीप समेत छह राज्यों ने अपनी वयस्क आबादी का पूर्ण टीकाकरण कर लिया है।

First Published : February 9, 2022 | 10:56 PM IST