भारत

किसानों के मार्च ऐलान पर दिल्ली में सुरक्षा कड़ी, लगा जाम

किसानों के कूच की आशंका के चलते पुलिस चौकन्नी हो गई और बड़ी संख्या में सुरक्षाकर्मियों को दिल्ली-हरियाणा के सिंघु बॉर्डर और दिल्ली-नोएडा सीमा पर तैनात किया गया।

Published by
भाषा   
Last Updated- March 06, 2024 | 10:51 PM IST

किसानों के विरोध-प्रदर्शन के मद्देनजर दिल्ली की सीमाओं पर बुधवार को यातायात प्रभावित हुआ। किसान आंदोलन का नेतृत्व कर रहे दो प्रमुख संगठन किसान मजदूर मोर्चा और संयुक्त किसान मोर्चा (गैर-राजनीतिक) ने रविवार को देश भर के किसानों से बुधवार को दिल्ली पहुंचने का आह्वान किया था। किसान नेता सरवन सिंह पंधेर और जगजीत सिंह डल्लेवाल ने 10 मार्च को चार घंटे के देशव्यापी ‘रेल रोको’ आंदोलन का भी आह्वान किया है।

किसानों के कूच की आशंका के चलते पुलिस चौकन्नी हो गई और बड़ी संख्या में सुरक्षाकर्मियों को दिल्ली-हरियाणा के सिंघु बॉर्डर और दिल्ली-नोएडा सीमा पर तैनात किया गया। इससे यहां वाहनों की लंबी-लंबी कतारें लग गईं पुलिस ने सीमाओं और शहर के अन्य हिस्सों में अवरोधक लगा दिए हैं और मध्य दिल्ली की ओर जाने वाली सड़कों पर जांच तेज कर दी।

दिल्ली पुलिस के मुताबिक, पुलिस बल टिकरी, सिंघु और गाजीपुर सीमाओं के साथ-साथ रेलवे, मेट्रो स्टेशनों और बस अड्डों पर कड़ी निगरानी रखेगा। एक अधिकारी ने बताया, ‘हमने तीनों सीमाओं पर सुरक्षा बढ़ा दी है। हालांकि हमने कोई सीमा या मार्ग को बंद नहीं किया है, लेकिन वाहनों की जांच की जाएगी।’

किसान नेता सरवन सिंह पंधेर ने बुधवार को दावा किया कि केंद्र ने किसानों को राष्ट्रीय राजधानी पहुंचने से रोकने के लिए दिल्ली और आसपास के इलाकों में सुरक्षाबलों की भारी तैनाती कर स्वीकार कर लिया है कि किसान आंदोलन राष्ट्रव्यापी है।

First Published : March 6, 2024 | 10:51 PM IST (बिजनेस स्टैंडर्ड के स्टाफ ने इस रिपोर्ट की हेडलाइन और फोटो ही बदली है, बाकी खबर एक साझा समाचार स्रोत से बिना किसी बदलाव के प्रकाशित हुई है।)