याहू ने कर्मचारियों की छंटनी की जो घोषणा की थी उसकी गाज भारत में उसके कर्मचारियों पर भी पड़ चुकी है। कंपनी ने अपने 3 फीसदी भारतीय कर्मचारियों यानी 1,500 पेशेवरों को बाहर का रास्ता दिखाया है।
हालांकि कंपनी इन कर्मचारियों को निकालने के पीछे इनके बुरे प्रदर्शन को कारण बताया है। याहू ने हाल ही में दुनिया भर में अपने 10 फीसदी कर्मचारियों की छंटनी करने की घोषणा की थी।
हालांकि याहू ने किसी भी वरिष्ठ अधिकारी को नौकरी से निकालने की घोषणा नहीं की है।
सूत्रों के मुताबिक, ‘याहू की रणनीति है कि उसके कर्मचारियों को बाजार में प्रतियोगिता बनाये रखने के लिए बेहतर प्रदर्शन करना होता है। साथ ही भारत में मंदी को भी देखते हुए कुल भारतीय पेशेवरों में से 3 फीसदी को नौकरी से निकालने की सूचना दी गई है।’
हालांकि इस सूत्र ने कहा कि कंपनी हर संभव कोशिश कर रही है कि वह कर्मचारियों को एक अच्छे पैकेज के साथ विदा करे। याहू इंडिया के एक कर्मचारी ने नाम गुप्त रखे जाने की शर्त पर बताया कि जिन कर्मचारियों को निकाला जा रहा है उन्हें काफी आकर्षक पैकेज दिया जा रहा है।
याहू के प्रवक्ता ने इस बारे में संपर्ककरने पर बताया कि भारत में निकाले गये कर्मचारियों की संख्या 3 फीसदी से कम है। उन्होंने बताया कि इस बारे में अधिसूचना जारी कर दी गई है।