दुनिया भर में छाई मंदी के कारण दिग्गज कंपनियां अपना उत्पाद पोर्टफोलियो का विस्तार करने की योजनाओं को टाल रही हैं।
मौजूदा आर्थिक हालात को देखते हुए कंज्यूमर इलेक्ट्रॉनिक्स कंपनी वीडियोकॉन इंडस्ट्रीज ने भी मोबाइल फोन कारोबार में आने का इरादा अगले एक साल के लिए टाल दिया है। इसके साथ ही कंपनी ने पश्चिमी एशिया, यूरोप, अफ्रीका और लैटिन अमेरिका के कंज्यूमर इलेक्ट्रॉनिक्स बाजार में जाने की योजना भी टाल दी है।
कंपनी ने अंतरराष्ट्रीय बाजार से होने वाली कमाई बढ़ाने के लिए इन बाजारों में ‘वीसी’ ब्रांड के तहत कदम रखने की योजना बनाई थी। इसके बदले वीडियोकॉन अब घरेलू उपकरणों और कंज्यूमर डयूरेबल कारोबार को बढ़ाने पर ध्यान देगी। पिछले साल कंपनी के कंज्यूमर डयूरेबल कारोबार ने लगभग 3,600 करोड़ रुपये की कमाई की थी।
इस साल कंपनी को इस कारोबार के बढ़ने की उम्मीद है। वीडियोकॉन के उपाध्यक्ष और मुख्य कार्याधिकारी के आर किम ने बताया, ‘हम नए उत्पादों को बाजार में उतारकर, उत्पाद पोर्टफोलियो, उत्पादन बढ़ाने के साथ ही मानव संसाधन और लाजिस्टिक्स पर और ध्यान देकर इस साल लगभग 5,000 करोड़ रुपये का कारोबार करने की उम्मीद कर रहे हैं।’
वीडियोकॉन नए उत्पादों की श्रेणी में केनस्टार ब्रांड के तहत वाटर प्योरीफायर बाजार में उतारेगी। कंपनी ने वीडियोकॉन ब्रांड के तहत ही यूपीएस-एच नाम से पावर इनवर्टर और बैटरी कारोबार में भी कदम रख रही है। इन उत्पादों को तीन श्रेणियों में उतारा जाएगा। कंपनी ने इस कारोबार के लिए साल 2009 में लगभग 250 करोड़ रुपये की कमाई करने का लक्ष्य बनाया है।
इसके बाद साल 2010 में इसे बढ़ाकर 500 करोड़ और साल 2011 तक इससे होने वाली कमाई को 1,000 करोड़ रुपये के पार पहुंचाया जाएगा। किम ने बताया, ‘हम 2011 तक मिक्सर-ग्राइंडर और छोटे घरेलू उपकरणों से होने वाली कमाई को भी 1,000 करोड़ रुपये तक करने की योजना बना रहे हैं।’
वीडियोकॉन की योजना अनुसंधान और विकास कार्यक्रमों पर लगभग 150 करोड़ रुपये निवेश करने की भी है। किम ने बताया, ‘हम उत्पादन में 30 फीसदी का इजाफा करने की योजना बना रहे हैं।’ अभी तक औरंगाबाद में कंपनी के संयंत्र से ही उत्पादों की आपूर्ति होती है। लेकिन किम ने सभी फैक्ट्रियों के लिए उत्पाद खरीदना जरूरी कर दिया था।
उन्होंने बताया, ‘अगर हम अपने सभी संयंत्रों में उत्पादन बढ़ा दे तो हमारे औरंगाबाद संयंत्र पर कम बोझ पड़ेगा। साथ ही हम गुणवत्ता बढ़ाने और कीमत भी कम कर सकते हैं। परिचालन स्तर पर ऐसे कई कदम उठाए जा रहे हैं, इसीलिए हमें उम्मीद है कि हम तय किए गए कमाई के लक्ष्य को पूरा कर सकेंगे।’
वीडियोकॉन अपने केनस्टार, इलेक्ट्रोलक्स ब्रांडों के उत्पादों की बिक्री के लिए वीडियोकॉन डिजी वर्ल्ड स्टोर नाम से एक्सक्लूसिव शोरूम खोलने की योजना भी बना रही है।
घरेलू बाजार पर नजर
कंपनी ने 1 साल के लिए टाला मोबाइल कारोबार में आने का इरादा
पिछले साल की थी कंपनी ने 3,600 करोड रुपये की कमाई
अगले साल 5,000 करोड़ रुपये क माने का लक्ष्य
कंपनी ने टाल दी विदेश जाने की योजना