टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (टीसीएस) ने इटली की सुपर बाइक बनाने वाली कंपनी डुकाटी से एक समझौते पर हस्ताक्षर किए हैं, जिसके तहत तकनीक आधारित सेवा प्रदान की जाएगी, जो कारोबार दक्षता और ग्राहकों को आकर्षित करने में मदद करेगी।
शुरुआत में टीसीएस मोटर बाइक कंपनियों और यूरोप के अपने सहयोगियों के लिए उपक्रम संसाधन योजना (ईआरपी) को क्रियान्वित करेगी। इसका मुख्य उद्देश्य आपूर्ति शृंखला को दुरुस्त करना है।
पूर्वानुमान, पुराने माल का भंडार और संभावित उत्पादन की दिशा में भी सुधार करना कंपनी का लक्ष्य है। कंपनी के सीओओ और कार्यकारी निदेशक एन. चंद्रशेखरन ने कहा, ‘ हमलोग डुकाटी के साथ इंजीनियरिंग क्षेत्र में अपने पोर्टफोलियो का विस्तार करेंगे।
इसके लिए हमलोगों ने विशेषज्ञों की बड़ी टीम बनाई है, जिसने फेरारी के साथ काम किया है और इस क्षेत्र में उन्हें महारत हासिल है।’
वह कहते हैं, ‘फेरारी में काम करना हमलोगों के लिए काफी अनुभवों से भरा रहा। खासकर जब हमलोगों ने इलेक्ट्रॉनिक और यांत्रिक क्षेत्र में काम किया, तो काफी कुछ सीखने को मिला। अब डुकाटी के साथ काम करने से हम उन अनुभवों को अमली जामा पहनाने में कामयाब होंगे।’
डुकाटी के सीईओ और अध्यक्ष गैब्रियल डेल टॉर्चिहियो ने कहा कि इस समझौते से उन्हें ग्राहकों को आकर्षित करने में मदद मिलेगी। इससे उनका कारोबार भी बढ़ेगा। डुकाटी और फेरारी के अलावा टीसीएस निसान, जनरल मोटर्स, क्रिसलर जैसी बड़ी कंपनियों के साथ भी काम कर रही है।
नए रिश्ते…
तकनीकी सेवा के लिए टाटा कंसल्टेंसी ने किया डुकाटी से समझौता