संकटग्रस्त आईटी कंपनी सत्यम कंप्यूटर ने फंडिंग के संबंध में भारतीय जीवन बीमा निगम (एलआईसी) से आरंभिक बातचीत शुरू की है।
एलआईसी के एक वरिष्ठ अधिकारी ने नाम न छापने की शर्त पर बताया कि हमने अनौपचारिक बातचीत की है, लेकिन हमें सत्यम की ओर से अभी कोई ठोस प्रस्ताव प्राप्त नहीं हुआ है। उन्होंने कहा कि एलआईसी ने किसी भी व्यवहारिक प्रस्ताव के लिए विकल्प खुला रखा है।
उल्लेखनीय है कि सत्यम ने हाल ही में आईडीबीआई बैंक और बैंक ऑफ बड़ौदा से 600 करोड़ रुपये का लोन हासिल किया है, जिससे उसे अल्पकाल में अपनी वित्तीय जरूरतें पूरी करने में मदद मिलेगी।
माना जाता है कि सत्यम ने अपने लैंड बैंक में से कुछ भूखंड उक्त दो वित्तीय संस्थानों के पास गिरवी रखा है और कंपनी फंड जुटाने के लिए भविष्य में इसी तरह के और विकल्प अपनाने को तैयार है।
हैदराबाद स्थित सत्यम ने सार्वजनिक क्षेत्र के और दो बैंकों एवं एलआईसी से फंड जुटाने के लिए संपर्क किया है, ताकि वह अपनी अल्पकालिक जरूरतें मसलन- वेतन भुगतान वेंडरों एवं किराए का भुगतान आदि कर सके।