वाहन बनाने वाली दिग्गज कंपनी महिंद्रा ऐंड महिंद्रा का (एमऐंडएम) मौजूदा कलैंडर वर्ष 2009 में जाइलो के 25,000 वाहन बेचने का लक्ष्य है। कंपनी वित्त वर्ष 2008-09 के अंत तक दक्षिण अफ्रीका को भी जाइलो निर्यात करेगी।
कंपनी के एक वरिष्ठ अधिकारी ने अपना नाम छुपाए रखने की शर्त पर बताया, ‘अपने नासिक संयंत्र में फिलहाल एक महीने में 2,000 वाहन बनाने वाली कंपनी जाइलो की संख्या बढ़ाकर 3,000 इकाई करेगी। कंपनी ने एक साल (दिसंबर 2009 तक) में जाइलो के 25,000 वाहन बेचने का लक्ष्य रखा है।’
महिंद्रा समूह के वाइस चेयरमैन एवं प्रबधंन निदेशक आनंद महिंद्रा ने कहा, ‘दुनियाभर में बाजारों पर दबाव बना हुआ है, लेकिन आप बाजार का फायदा उठा सकते हैं, अगर आप सही समय पर सही उत्पाद के साथ बाजार में कदम रखें।
लंबे अरसे से सीडान के बारे में माना जा रहा था कि वह सबसे अधिक गतिशीतला दे सकती हैं, लेकिन जाइलो लोगों की इस अवधारणा को बदलने के लिए तैयार है।’
एमऐंडएम के ऑटोमोटिव क्षेत्र के अध्यक्ष पवन गोयनका ने कहा, ‘हमारी रणनीति दुनियाभर में एसयूवी क्षेत्र में कंपनी को मजबूत बनाने की है। हमारी योजना अगले तीन साल में नए एसयूवी उत्पाद पेश करने की है।’