निजी विमानन कंपनी किंगफिशर एयरलाइंस ने कहा कि उसे चालू वित्त वर्ष की तीसरी तिमाही में 413 करोड़ रुपये का शुध्द घाटा हुआ है।
जबकि बीते वित्त वर्ष की समान अवधि में उसका घाटा 427 करोड़ रुपये था। कंपनी ने कहा कि शुध्द घाटे में बढ़ोतरी की मुख्य वजह अंतरराष्ट्रीय परिचालन की शुरुआती लागत 174 करोड़ रुपये और विदेशी मुद्रा की विनिमय दरों में बदलाव रही।
विजय माल्या की अगुवाई वाली एयरलाइंस को चालू वित्त वर्ष की तीसरी तिमाही में ब्याज खर्च की वजह से घाटा हुआ, जो बीते वित्त वर्ष की समान अवधि के मुकाबले 103 करोड़ रुपये तक बढ़ गया। कंपनी की कर पूर्वहानि 623 करोड़ रुपये रही।
जिलेट के लाभ में कमी
एफएमसीजी फर्म जिलेट इंडिया का मुनाफा वित्त वर्ष 2008-09 की तीसरी तिमाही में 26.52 करोड़ रुपए का शुध्द लाभ हुआ है, जो पिछले साल की इसी तिमाही से 15 फीसदी कम है। पिछले साल की तीसरी तिमाही में कंपनी को 31.20 करोड़ रुपये का शुध्द लाभ हुआ था।
आलोच्य तिमाही में कंपनी की कुल आय 12.18 फीसदी बढ़कर 162.87 करोड़ रुपये रही, जो पिछले साल की इसी तिमाही में 145.18 करोड़ रुपये थी।
राष्ट्रीय के. का लाभ बढ़ा
राष्ट्रीय केमिकल्स और फर्टिलाइजर का चालू वित्त वर्ष की तीसरी तिमाही में शुध्द मुनाफा 14.40 फीसदी बढ़कर 68.78 करोड़ रुपये हो गया।
पिछले वित्त वर्ष की समान अवधि में उसका शुध्द मुनाफा 60.12 करोड़ रुपये था। सरकारी स्वामित्व वाली कंपनी की समीक्षाधीन तिमाही में कुल आय घटकर 1,404 करोड़ रुपये हो गई जो पूर्व वर्ष की समान अवधि में 2,334 करोड़ रुपये थी।
जीवीके का मुनाफा घटा
जीवीके पावर एंड इंफ्रास्ट्रक्चर का चालू वित्त वर्ष की तीसरी तिमाही में शुध्द मुनाफा 44.73 फीसदी घटकर 22.30 करोड़ रुपये हो गया।
पूर्व वित्त वर्ष की समान अवधि में उसका शुध्द मुनाफा 40.35 करोड़ रुपये था। जीवीके पावर एंड इंफ्रा. की समीक्षाधीन तिमाही में संचई कुल आय घटकर 108.02 करोड़ रुपये हो गई, जो पूर्व वित्त वर्ष की समान अवधि में 122.68 करोड़ रुपये थी।
इस्पात इंड. का बढ़ा घाटा
इस्पात इंडस्ट्रीज का चालू वित्त वर्ष की तीसरी तिमाही में शुध्द घाटा बढ़कर 651.71 करोड़ रुपये हो गया। पूर्व वित्त वर्ष की समान अवधि में उसका शुध्द घाटा 36 करोड़ रुपये था।
इस्पात इंडस्ट्रीज ने बताया कि दिसंबर तिमाही में उसकी कुल आय घटकर 1,123.55 करोड़ रुपये हो गई, जबकि पूर्व वित्त वर्ष की समान अवधि में यह 2,180.56 करोड़ रुपये थी। दिसंबर में समाप्त नौ महीनों के दौरान उसका शुध्द घाटा 649.72 करोड़ रुपये रहा, जबकि पूर्व वर्ष की समान अवधि में यह 14.09 करोड़ रुपये था।
वीडियोकॉन का लाभ घटा
कंज्यूमर डयूरेबल क्षेत्र की प्रमुख कंपनी वीडियोकॉन इंडस्ट्रीज का चालू वित्त वर्ष की पहली तिमाही में शुध्द मुनाफा 75.77 फीसदी घटकर 60.43 करोड़ रुपये हो गया।
पिछले वित्त वर्ष की समान अवधि में उसका शुध्द मुनाफा 249.49 करोड़ रुपये था। इसकी कुल आय भी घटकर 2,074.67 करोड़ रुपये रही, जो एक वर्ष पूर्व 2,362.16 करोड़ रुपए थी।
बजाज इले. फायदे में
जहां तक अन्य कंपनियों को तीसरी तिमाही में झटका लग रहा है, वहीं बजाज इलेक्ट्रिकल्स का चालू वित्त वर्ष की तीसरी तिमाही में शुध्द मुनाफा 2.78 फीसदी बढ़कर 19.44 करोड़ रुपये हो गया। पूर्व वित्त वर्ष की समान अवधि में उसका शुध्द मुनाफा 18.92 करोड़ रुपए था।
समीक्षाधीन तिमाही में कंपनी की कुल बिक्री बढ़कर 424.50 करोड़ रुपये हो गई, जो पूर्व वित्त वर्ष की समान अवधि में 364.76 करोड़ रुपये थी।
अंसल प्रॉप. नुकसान में
रियल एस्टेट डेवलपर अंसल प्रोपर्टीज एंड इंफ्रास्ट्रक्चर को चालू वित्त वर्ष की तीसरी तिमाही में 15.73 करोड़ रुपये का शुध्द घाटा हुआ है। कंपनी को पूर्व वित्त वर्ष की समान अवधि में 52.15 करोड़ रुपये का शुध्द मुनाफा हुआ था।
अंसल प्रोपर्टीज की समीक्षाधीन तिमाही में कुल आय घटकर 211 करोड़ रुपये हो गई, जो पूर्व वित्त वर्ष की समान अवधि में 267.23 करोड़ रुपये थी।
कंपनी का 31 दिसंबर को समाप्त नौ महीनों के दौरान शुध्द मुनाफा 77.34 फीसदी घटकर 29.34 करोड़ रुपये हो गया। पूर्व वित्त वर्ष की समान अवधि में उसका शुध्द मुनाफा 143.17 करोड़ रुपये था।
माइंडटेक का बढ़ा मुनाफा
वैश्विक स्तर पर जारी मंदी के बावजूद आईटी क्षेत्र की कंपनी माइंडटेक चालू वित्त वर्ष की तीसरी तिमाही में कर पश्चात मुनाफा बढ़कर 2.62 करोड़ रुपये हो गया, जो बीते वर्ष की समान अवधि में 0.20 करोड़ रुपये था।
इसी तरह समीक्षाधीन तिमाही में कंपनी का कर पश्चात मुनाफा बढ़कर 1.83 करोड़ रुपये हो गया, जो पूर्व वित्त वर्ष की समान अवधि में 0.88 करोड़ रुपये था।
गौरतलब है कि एकल आधार पर समीक्षाधीन तिमाही में कंपनी की आय बढ़कर 68.70 करोड़ रुपये हो गई जो पूर्व वित्त वर्ष की समान अवधि में 23. 59 करोड़ रुपये थी।