एयरबीएनबी, ईजमाईट्रिप, ओयो और यात्रा ने एक साथ मिलकर उद्योग संघ की स्थापना की है। कन्फेडरेशन ऑफ हॉस्पिटैलिटी, टेक्रोलॉजी ऐंड टूरिज्म इंडस्टी (चैट) नाम के इस उद्योग संघ के जरिये छोटी कंपनियों और यात्रा तथा आतिथ्य तकनीकी कंपनियों की मदद की जाएगी।
चैट का मकसद घरेलू पर्यटन को बढ़ावा देना, पर्यटन संबंधी कारोबार के डिजिटल बदलाव और परिचालन मॉडल का नेतृत्व करना, एक चिंतनशील नेतृत्व के रूप में पक्षसमर्थन कार्यक्रमों के जरिये सक्रिय भागीदारी करना और सभी उद्योग खंडो में शैक्षणिक प्रशिक्षण और लाभकारी कार्यक्रमों को साझा करना है।
संघ के प्रत्येक सदस्य की चैट के समस्त संसाधनों और लाभों तक पहुंच होगी जिसमें साल भर चलने वाले कार्यक्रमों, अग्रणी कारोबारी कार्यक्रमों में भागीदारी, यात्रा तकनीक पारितंत्र तक पहुंच भी शामिल है।
इस संघ में एयरबीएनबी में भारत, दक्षिणपूर्व एशिया, हॉन्गकॉन्ग और ताइवान के लिए महाप्रबंधक अमनप्रीत बजाज, ईजमाईट्रिपडॉटकॉम के सह संस्थापक और मुख्य कार्याधिकारी निशांत पिट्टी, ओयो इंडिया और दक्षिणपूर्व एशिया के मुख्य कार्याधिकारी रोहित कपूर और यात्राडॉटकॉम के सह संस्थापक और मुख्य कार्याधिकारी ध्रव शृंगी सहित स्टार्टअप के संस्थापक और कारोबारी नेतृत्व शामिल हैं।
आज संघ के आभासी लॉन्च में पर्यटन और संस्कृति मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) प्रहलाद सिंह पटेल ने सबसे छोटे और अक्सर प्रतिनिधित्व से बाहर रह जाने वाले परिचालकों के हितों को बढ़ावा देने के लिए उद्योग के दिग्गजों को एक साथ आने के पहल की प्रशंसा की।