अमेरिका के निवेशक सह डेवलपर हाइंस इस साल भारत में तीसरे पक्ष के परिसंपत्ति प्रबंधन कारोबार शुरू करने की संभावनाएं तलाश रही है। कंपनी के पास करीब 144 अरब डॉलर की प्रबंधनाधीन परिसंपत्तियां हैं।
हाइंस इंडिया के प्रबंध निदेशक एवं कंट्री हेड अमित दीवान ने कहा, ‘भाारत में हम हम चयनित थर्ड पार्टी पोर्टफोलियो के लिए एंड टु एंड परिसंपत्ति प्रबंधन करेंगे जिसकी शुरुआत ऑफिस परिसंपत्ति से होगी। पट्टा और संपत्ति प्रबंधन सेवा दोनों में हमारे लिए संभावनाएं होंगी।’
वैश्विक स्तर पर कंपनी के परिसंपत्ति प्रबंधन कारोबार के तहत 344 संपत्ति/ 14.37 करोड़ वर्ग फुट जगह शामिल है। हाल में डीएलएफ ने वन होराइजन सेंटर में हाइंस की हिस्सेदारी को 780 करोड़ रुपये के एक सौदे के तहत खरीदा था। दोनों गुडग़ांव में एक अन्य वाणिज्यिक परियोजना पर भी काम कर रही हैं।
कंपनी देश में रियल एस्टेट परिसंपत्तियों के लिए एक नया प्लेटफॉर्म भी तैयार करना चाहती है। दीवान ने कहा, ‘हम कई भारतीय डेवलपर्स और भूस्वामियों के साथ बातचीत कर रहे हैं। समय आने पर इस संबंध में हम विस्तृत जानकारी साझा करेंगे।’
हाइंस इस साल पुणे जैसे नए बाजारों में दस्तक देने की योजना बना रही है। इसके अलावा वह अपने मौजूदा तीन अन्य बाजारों में भी विस्तार करने की संभावनाएं तलाश रही हैं। इनमें एनसीआर, मुंबई और बेंगलूरु शामिल हैं।
हाइंस एक निजी स्वामित्व वाली वैश्विक रियल एस्टेट निवेश, विकास एवं प्रबंधन फर्म है। इसकी स्थापना 1957 में की गई थी। कंपनी की मौजूदगी 25 देशों के 225 शहरों में है और उसकी प्रबंधनाधीन परिसंपत्तियों का आकार करीब 144.1 अरब डॉलर है। करीब 75.5 अरब डॉलर की परिसंपत्ति के लिए हाइंस ने निवेश मैनेजर के रूप में काम किया है जबकि 68.6 अरब डॉलर की परिसंपत्ति के लिए वह तीसरे पक्ष की संपत्ति संबंधी सेवाएं प्रदान कर रही है।
दीवान ने कहा, ‘पिछले 18 महीनों के दौरान हमने मुंबई और बेंगलूरु में हाइंस के कार्यालय खोले हैं। इन दोनों शहरों में हमारी मौजूदा और संभावित दोनों तरह की परियोजनाएं हैं। हमारी नजर वर्ष 2021 में पुणे में भी दस्तक देने और इन 3 शहरों में कारोबार के विस्तार पर है।’ दीवान ने कहा कि कोविड-19 वैश्विक महामारी के कारण रिहायशी क्षेत्र में पुनरुत्थान होगा। उन्होंने कहा, ‘लॉकडाउन के हटने के बाद जो यह रुझान उभने लगा है और हमें फिलहाल इसे जारी रहने की उम्मीद है। इसे किफायती मकान, ब्याज दरों में नरमी और घर में अतिरिक्त जगह की आवश्यकता से रफ्तार मिल रहा है।’ जहां तक वाणिज्यिक क्षेत्र का सवाल है तो 200 में लोगों के घर से काम करने के कारण पट्टा/किराया कारोबार प्रभावित हुआ है। पिछले साल बेंगलूरु के डीएनआर समूह ने 10 लाख वर्ग फुट के ऑफिस स्पेस परियोजना करने के लिए हाइंस के साथ करार किया था।