अदाणी, क्यूब हाइवेज और आईआरबी इन्फ्रा ने पांचवें टोल ऑपरेट ट्रांसफर (टीओटी) के दो खंडों के लिए भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण में बोली दाखिल की है। करीब 4 महीने बाद एनएचएआई ने गुजरात में टीटोटी ठेकों के 5ए और 5बी खंड के लिए बोली आमंत्रित की है, जिसमें ्दाणी, क्यूब हाइवेज, डीपी जैन, इंडियन हाइवेज, पाथ और आईआरबी इन्फ्रा ने दिलचस्पी दिखाई है।
टीओटी ठेके की कुल अवधि 20 साल है, जिसमें कंसेसनायर को उस खंड के रखरखाव और परिचालन का काम करना होगा। इसके बदले में ठेका पाने वाली कंपनी को एनएच शुल्क नियमों के मुताबिक 20 साल तक उपभोग शुल्क बनाए रखने व संग्रह का अधिकार मिलेगा।
दो परियोजनाओं में एनएच 27 का टीओटी बंडल 5 (ए-1) पालनपुर-राधनपुर-समखियाली खंड और एनएच 27 का टीओटी बंडल 5 (ए-2) पालनपुर राधनपुर खंड और राधनपुर समखियाली खंड शामिल है। एनएचएआई समय समय पर राष्ट्रीय राजमार्ग खंडों के लिए टीओटी आधार पर टोलिंग, ऑपरेशन और रखरखाव के ठेके देने के लिए आवेदन प्रस्ताव (आरएफपी) जारी करता है। टीओटी असेट रिसाइकिल प्रोग्राम है, जिसके तहत पहले से चल रहे राष्ट्रीय राजमार्गों को निजी कंपनियों को लंबे समय के लिए कंसेसन के आधार पर दिया जाता है। टीओटी ऑपरेटर को नियत अवधि के लिए उपभोग शुल्क लेने का अधिकार होता है और उस दौरान उसे अंतरराष्ट्रीय मानकों के मुताबिक सड़क का रखरखाव करना होता है।