भारत में ऐपल इंडिया के ऑनलाइन स्टोर का इंतजार मंगलवार की आधी रात को खत्म हुआ और उसी वक्त से इस स्टोर को देसी ग्राहकों का जबरदस्त दुलार मिल रहा है। ऐपल के उत्पाद खरीदने की चाह रखने वाले ग्राहक बड़ी संख्या में ऑनलाइन स्टोर पर उमड़ पड़े। नतीजा यह हुआ कि दिन शुरू होते ही स्टोर गूगल ट्रेंड्स में शीर्ष पर पहुंच गया।
आज देर शाम तक ऐपल के ऑनलाइन स्टोर पर कंपनी की उम्मीद से बहुत अधिक तादाद में ग्राहक पहुंचते रहे। इस स्टोर से करीब से जुड़े एक शख्स ने बताया, ‘संभावित खरीदारों की प्रतिक्रिया जबरदस्त रही है। अभी तक इस स्टोर पर आने वाले लोगों की संख्या हमारे अनुमान से भी अधिक रही है।’ लेकिन ऐपल इंडिया ने ऑनलाइन स्टोर पर पहुंचे ग्राहकों का आंकड़ा बताने से इनकार कर दिया। उसने कहा कि इस बारे में कुछ भी कहना अभी जल्दबाजी होगी।
बहरहाल स्टोर की शुरुआत से भारतीय कितने उत्साहित थे, इसका अंदाजा सर्च इंजन गूगल के ट्रेंड्स आंकड़ों से लग जाता है। मंगलवार की आधी रात को यानी 12 बजते ही ‘ऐपल इंडिया’ और ‘ऐपल ऑनलाइन स्टोर इंडिया’ से लेकर ‘यूनिडेज’ और ‘ऐपल आईडी’ जैसे शब्द गूगल के ट्रेंड चार्ट में ऊपर चढऩे लगे। आज शाम 5 बजे तक ऐपल से जुड़े तमाम टॉपिक गूगल ट्रेंड्स में शीर्ष पर पहुंच चुके थे।
ऐपल के दीवाने मंगलवार शाम से ही इंटरनेट पर इस स्टोर के खुलने और उस पर मिलने वाले उत्पादों के बारे में जानकारी खंगालने में जुट गए थे। छात्रों के लिए छूट की पेशकश करने वाली साझेदार वेबसाइट यूनिडेज के बारे में भी ऑनलाइन सर्च 1450 फीसदी बढ़ गई।
चंडीगढ़ के निवासियों में ऐपल स्टोर को लेकर खास उत्सुकता देखी गई। बड़े महानगरों की तुलना में कम आबादी होने के बावजूद चंडीगढ़ में ऐपल उत्पादों को लेकर अधिक रोमांच रहा। उसके बाद दिल्ली, पुदुच्चेरी, हरियाणा और सिक्किम का स्थान रहा।
हालांकि ऐपल के इस स्टोर पर दर्ज कीमतें एमेजॉन एवं फ्लिपकार्ट पर सूचीबद्ध कीमतों से अधिक हैं। आईडीसी के शोध निदेशक नवकेंदर सिंह कहते हैं कि ई-कॉमर्स साइटों पर अब भी ऐपल के उत्पाद सस्ते मिल रहे हैं। एमेजॉन और फ्लिपकार्ट के उलट ऐपल के ऑनलाइन स्टोर पर उत्पाद अधिकतम खुदरा मूल्य पर बिक रहे हैं। हां, साथ में वह कैशबैक की पेशकश जरूर कर रहा है।
सूत्रों के मुताबिक भारत के लिए ऑनलाइन रणनीति तैयार करने में जुटी ऐपल की टीम कीमतों से जुड़े नए ऑफर तैयार कर रही है और त्योहारी सीजन के वक्त यानी अक्टूबर के दूसरे पखवाड़े में इन ऑफरों से पर्दा उठा दिया जाएगा।
टेकआर्क के शीर्ष विश्लेषक फैसल कावूसा का कहना है कि ऐपल ब्रांड के प्रति आकर्षण बना हुआ है और भारत में ऑनलाइन स्टोर की शुरुआत जरूरी थी। फैसल कहते हैं, ‘ऐपल निश्चित रूप से भारतीय ग्राहकों के लिए त्योहारों के पहले नए ऑफर लेकर आएगी।’
इस ऑनलाइन स्टोर की शुरुआत से ऐपल के लिए भारतीय बाजार भी अमेरिका एवं ब्रिटेन जैसे विकसति बाजारों की बराबरी पर आ गया है। इससे पता चलता है कि ऐपल भारत को कितनी तवज्जो दे रही है। माना जा रहा है कि अगले दशक में भारतीय बाजार काफी तेजी से बढ़ेगा और यह स्टोर कंपनी के लिए मजबूत आधार तैयार करेगा।