दिल्ली के समीप गुड़गांव में रियल एस्टेट कंपनी डीएलएफ की प्रस्तावित न्यू टाउन हाइट्स परियोजना में फ्लैट बुक कराने वाले ग्राहक कंपनी से खासे नाराज हैं।
उनकी नाराजगी इस बात को लेकर है कि परियोजना का काम अब तक शुरू नहीं हो सका है। अब उन्होंने कंपनी के समक्ष अपनी निराशा जाहिर करने का निश्चय किया है, वह भी गांधीगीरी के अंदाज में।
परियोजना में फ्लैट बुक कराने वाले करीब 200-300 ग्राहकों ने तय किया है कि वे शनिवार को सामूहिक रूप से डीएलएफ ऑफिस जाएंगे और कंपनी के अधिकारियों को गुलाब के फूल भेंट करेंगे और परियोजना से निकलने के संबंध में पत्र भी सौंपेंगे।
कंपनी को चेन्नई में भी गार्डन सिटी प्रोजेक्ट में ग्राहकों का विरोध झेलना पड़ा था। ग्राहकों ने परियोजना छोड़ने के संबंध में कंपनी को पत्र सौंपा और बुकिंग राशि की मांग की थी। लोगों की नाराजगी को देखते हुए कंपनी को बुकिंग राशि लौटाने पर सहमत होना पड़ा था।
न्यू हाइट्स परियोजना में फ्लैट बुक कराने वालों ने गुड़गांव गु्रप बनाया है। समूह के एक सदस्य ने बताया कि ग्राहकों ने तय किया है कि शनिवार को वे परियोजना से बाहर निकलने का पत्र तो कंपनी को सौंपेंगे ही, साथ में उन्हें गुलाब के फूल भी भेंट किए जाएंगे। दरअसल, अपनी निराशा जताने के लिए समूह ने गांधीगीरी का रास्ता चुना है।
समूह के एक सदस्य ने बताया कि कुछ समय पहले फ्लैट बुक कराने वाले लोगों की राय मांगी गई थी, जिसमें करीब 70 फीसदी लोगों ने परियोजना छोड़ने और बुकिंग राशि वापस लेने की बात कही थी। दरअसल, ग्राहकों का कहना है कि कंपनी की ओर से अब तक परियोजना पर काम शुरू नहीं किया जा सका है।
समूह के सदस्य ने बताया कि ज्यादातर ग्राहकों ने बुकिंग राशि के तौर पर कुल कीमत का करीब 42.5 फीसदी रकम का भुगतान किया है, जिसे अब वे वापस चाहते हैं। डीएलएफ ने पिछले साल मार्च में न्यू टाउन हाइट्स परियोजना लॉन्च की थी। परियोजना के अंतर्गत बनने वाले फ्लैटों की कीमत 45-75 लाख रुपये के बीच रखी गई थी।
इसमें करीब 3,300 फ्लैट बनाए जाने थे, जिनमें करीब 90 फीसदी फ्लैटों की बिक्री की जा चुकी है, जबकि काम अब तक शुरू नहीं हो सका है। वैसे, ग्राहकों को अपने साथ जोड़े रखने के लिए कंपनी ने 25 मार्च को न्यू टाउन हाइट्स परियोजना के तहत बनने वाले फ्लैटों की कीमतों में 20 फीसदी तक कटौती करने की भी बात कही थी, लेकिन इसमें यह शर्त लगाई गई थी कि इस परियोजना से एक तय अवधि तक कोई ग्राहक बाहर नहीं जा सकता है।
ग्राहक समूह के सदस्य ने बताया कि पिछले दिनों हमलोग कंपनी के कार्यकारी निदेशक वल्सला और महाप्रबंधक (कस्टमर सपोर्ट) दीपक कपूर से 21 फरवरी को मिले थे, लेकिन उनकी ओर से कोई सकारात्मक जवाब नहीं मिला।
वैसे, ग्राहकों को वल्सला की ओर से जो ईमेल भेजा गया है, उसमें ग्राहकों से परियोजना के प्रति भरोसा रखने और एक माह के अंदर काम शुरू करने का आश्वासन दिया गया है। हालांकि ई-मेल में यह भी कहा गया है कि अगर वे कंपनी की योजना से खुश नहीं हैं, तो बाहर निकलने का विकल्प चुन सकते हैं।
डीएलएफ की न्यू टाउन हाइट्स परियोजना के ग्राहक वापस मांग रहे हैं बुकिंग राशि
करीब 70 फीसदी ग्राहकों ने बनाया परियोजना छोड़ने का मन
अपनी निराशा जाहिर करेंगे गुलाब के फूल भेंट कर