प्रतीकात्मक तस्वीर | फाइल फोटो
ई-कॉमर्स दिग्गज एमेजॉन ने बुधवार को कहा कि साल 2025 में प्राइम सदस्यों के लिए उसकी डिलिवरी सेवा का प्रदर्शन सबसे तेज रहा। फर्म के अनुसार उसने 55 करोड़ से अधिक उत्पाद उसी दिन या अगले दिन डिलिवर किए जो सालाना 40 प्रतिशत की वृद्धि को दर्शाता है। प्लेटफॉर्म वर्तमान में 10 लाख उत्पादों की उसी दिन, 40 लाख उत्पादों पर अगले दिन और 20,000 से अधिक उत्पादों की 4 घंटे में डिलिवरी प्रदान कर रहा है।
एमेजॉन ने कहा कि प्राइम सदस्यों ने पिछले साल वार्षिक प्राइम सदस्यता की लागत से औसतन दोगुने से अधिक की बचत की है, जबकि शीर्ष 10 प्रतिशत ने सदस्यता लागत से आठ गुना से अधिक पैसा बचाया। इसके अनुसार नए प्राइम सदस्यों में 70 प्रतिशत मझोले शहरों से जुड़े हैं। इन्होंने गैर-प्राइम सदस्यों की तुलना में पांच गुना अधिक बार खरीदारी की।
बेंगलूरु, दिल्ली-एनसीआर और मुंबई में उपलब्ध कंपनी की क्विक कॉमर्स सेवा एमेजॉन नाउ के बारे में कंपनी ने कहा कि प्राइम सदस्य इस सेवा का उपयोग शुरू करने के बाद अपनी खरीदारी बढ़ाकर तीन गुना कर देते हैं। एमेजॉन इंडिया के डायरेक्टर और हेड ऑफ प्राइम अभिनव अग्रवाल ने कहा, ‘एमेजॉन प्राइम हमारे ग्राहकों के रोजमर्रा के जीवन का महत्त्वपूर्ण हिस्सा बन गया है।’
कंपनी ने इस वृद्धि का श्रेय अपने पूर्ति नेटवर्क, दूरदराज के ग्राहकों तक डिलिवरी की सुविधा और टेक्नॉलजी आधारित लॉजिस्टिक्स व्यवस्था में निरंतर निवेश को दिया है। इसने 2025 में अपने संचालन नेटवर्क और ढांचे का विस्तार एवं उसे अपग्रेड करने के साथ नए टूल और टेक्नॉलजी में 2,000 करोड़ रुपये से अधिक का निवेश किया है।