कमोडिटी

आठ महीने बाद RBI बना शुद्ध खरीदार: जनवरी में खरीदे 2.52 अरब डॉलर, विदेशी मुद्रा बाजार में लौटी हलचल

भारतीय रिजर्व बैंक ने आठ महीने के अंतराल के बाद जनवरी 2026 में 2.52 अरब डॉलर की शुद्ध खरीदारी कर विदेशी मुद्रा बाजार में अपनी सक्रियता बढ़ाई

Published by
अंजलि कुमारी   
Last Updated- March 23, 2026 | 10:27 PM IST

भारतीय रिजर्व बैंक ने जनवरी 2026 में विदेशी मुद्रा बाजार में 2.52 अरब  डॉलर की शुद्ध खरीदारी की है। यह 8 महीनों में उसकी पहली शुद्ध खरीद है। केंद्रीय बैंक आखिरी बार मई 2025 में शुद्ध खरीदार था।

इस माह के दौरान रिजर्व बैंक ने 27.99 अरब डॉलर खरीदे, जबकि 25.47 अरब डॉलर बेचे। केंद्रीय बैंक ने दिसंबर में 10 अरब डॉलर की शुद्ध बिक्री की थी। चालू वित्त वर्ष में जनवरी तक केंद्रीय बैंक ने हाजिर बाजार में 50.78 अरब डॉलर की शुद्ध बिक्री की थी। 2024-25 में केंद्रीय बैंक ने हाजिर बाजार में 34.5 अरब डॉलर की शुद्ध बिक्री की थी। रुपये के फॉरवर्ड मार्केट में आउटस्टैंडिंग नेट शॉर्ट डॉलर पोजीशन जनवरी के अंत तक बढ़कर 67.77 अरब डॉलर हो गई, जो दिसंबर के अंत में 62.35 अरब डॉलर थी। एक वर्ष से कम अवधि के शॉर्ट पोजीशन में लगभग 3 अरब डॉलर की कमी आई, जबकि एक वर्ष से अधिक की अवधि के शॉर्ट पोजीशन में लगभग 9 अरब डॉलर की वृद्धि हुई। फरवरी में रुपये की रियल इफेक्टिव एक्सचेंज रेट (रीर) 94.05 रही, जो जनवरी में 94.82 थी।

आरईईआर भारत और उसके प्रमुख व्यापारिक भागीदारों के बीच महंगाई दर के अंतर को ध्यान में रखने के लिए नॉमिनल इफेक्टिव एक्सचेंज रेट (नीर) को समायोजित करता है। 100 से ऊपर रीर मान आधार वर्ष की तुलना में रुपये की मजबूती का संकेत देता है, जो संभावित रूप से भारतीय निर्यात को वैश्विक बाजारों में कम प्रतिस्पर्धी बना सकता है।

First Published : March 23, 2026 | 10:27 PM IST