facebookmetapixel
Advertisement
‘डिजिटल अरेस्ट’ को अलग अपराध बनाने पर विचार करे सरकार: सुप्रीम कोर्टकम वेतन से ISRO छोड़ रहे वैज्ञानिक? इस्तीफों के बाद सरकार ने नियम किए सख्तपेपर लीक बिल पर लोकसभा में घमासान, सत्ता और विपक्ष आमने-सामनेकॉपीराइट के नाम पर उगाही का आरोप, Delhi High Court ने केंद्र और Meta को नोटिस भेजापीएम का पोस्ट हटाने का मामला, मेटा के अधिकारी जोल कैपलन तलबसोशल मीडिया पर भ्रामक खबरों से निपटने के लिए सरकार का बड़ा कदम, 2 घंटे में देना होगा जवाबइंडिगो ने परिचालन संकट से ली सीख, सिस्टम मजबूत कर अंतरराष्ट्रीय विस्तार पर फोकसटाटा कम्युनिकेशंस और टीटीबीएस लाएंगी छोटे उद्यमों के लिए एआई प्लेटफॉर्मभारत के स्पेस-टेक स्टार्टअप में बढ़ा निवेश, पांच साल में जुटाए 87 करोड़ डॉलरटाटा संस का मुनाफा 5 साल के निचले स्तर पर, राजस्व बढ़ने के बावजूद 36% की गिरावट

चालू सीजन में मक्का की बोआई पिछड़ी, पिछले साल के मुकाबले रकबा 10% कम; उत्पादन घटने की आशंका

Advertisement

चालू खरीफ सीजन में 24 जुलाई तक देश भर में मक्का का कुल रकबा 77.80 लाख हेक्टेयर पर ही पहुंच सका है, जबकि पिछले साल इस समय तक 86.15 लाख हेक्टेयर में मक्के की बोआई हो गई थी

Last Updated- July 27, 2026 | 9:18 PM IST
maize farm
प्रतीकात्मक तस्वीर | फाइल फोटो

जुलाई में बेहतर बोआई होने के बावजूद अभी भी देश में पिछले साल के मुकाबले मक्का की बोआई करीब 10 फीसदी कम है। केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्रालय के ताजा आंकड़ों के मुताबिक, चालू खरीफ सीजन में 24 जुलाई तक देश भर में मक्का का कुल रकबा 77.80 लाख हेक्टेयर पर ही पहुंच सका है, जबकि पिछले साल इस समय तक देश में 86.15 लाख हेक्टेयर में मक्के की बोआई हो गई थी। यह सामान्य अवधि के बोआई क्षेत्र से 8.35 लाख हेक्टेयर कम है। कम रकबे की वजह से उत्पादन में कमी की आशंका और अच्छी मांग के कारण मक्के के दाम बढ़ने का अनुमान है।

औसत रकबे के करीब

चालू खरीफ सीजन में मक्का का औसत क्षेत्रफल 80.77 लाख हेक्टेयर आंका गया है और अभी तक 77.80 लाख हेक्टेयर में बोआई हो चुकी है। इस तरह मक्का का बोआई क्षेत्र औसत रकबे के करीब पहुंच चुका है। कृषि मामलों के जानकारों का कहना है कि चालू सीजन में मक्के का क्षेत्रफल औसत रकबे को पार कर जाएगा, हालांकि पिछले साल के रकबे को पाना मुश्किल लग रहा है। वर्ष 2025 के खरीफ सीजन में मक्का का बोआई क्षेत्र अप्रत्याशित रूप से उछलकर 98.61 लाख हेक्टेयर के रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गया था।

बोआई की रफ्तार तेज

महज एक सप्ताह में मक्का के बोआई क्षेत्र में करीब 10 लाख हेक्टेयर की बढ़ोतरी देखने को मिली है। कृषि मंत्रालय द्वारा पिछले सप्ताह जारी किए गए आंकड़ों के अनुसार, देशभर में 17 जुलाई तक 67.89 लाख हेक्टेयर में मक्का की बोआई हुई थी, जबकि 27 जुलाई को जारी किए गए आंकड़ों में यह बताया गया है कि 24 जुलाई तक मक्के का रकबा बढ़कर 77.80 लाख हेक्टेयर पहुंच चुका है। इससे पहले 10 जुलाई तक मक्के का बोआई क्षेत्र महज 55.97 लाख हेक्टेयर ही था।

 Also Read: खरीफ फसलों की बोआई और सुधरी, रकबा में कमी अब 5 फीसदी से नीचे

कम बारिश से मक्के की खेती पिछड़ी

अल नीनो के प्रभाव से हुई वर्षा की कमी और देरी के कारण कई राज्यों में बोआई प्रभावित हुई है, हालांकि किसान अब भी मक्के को पसंदीदा फसल मान रहे हैं। खरीफ सीजन में मक्के की खेती को लेकर देशभर से मिले-जुले संकेत सामने आए हैं। मध्य प्रदेश में मक्के की बोआई में तेज बढ़ोतरी दर्ज की गई है, वहीं बिहार तथा आंध्र प्रदेश में भी रकबा कुछ बढ़ा है। लेकिन महाराष्ट्र, कर्नाटक, राजस्थान, गुजरात और उत्तर प्रदेश जैसे राज्यों में बोआई कम होने से इसके कुल क्षेत्रफल में 8 लाख हेक्टेयर से अधिक की भारी गिरावट आ गई है। इससे आने वाले महीनों में उत्पादन और पशु चारा उद्योग की जरूरतों को लेकर चिंता बढ़ गई है।

उत्पादन में कमी की आशंका

कई राज्यों में बोआई प्रभावित होने से इस वर्ष मक्का उत्पादन कम रहने की आशंका है। मक्के के दाम न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) से नीचे रहने के कारण कुछ किसानों ने सोयाबीन की खेती की ओर रुख किया है। बोआई में देरी और रकबे में कमी के कारण पिछले वर्ष जितना उत्पादन हासिल करना मुश्किल दिखाई दे रहा है। कृषि मंत्रालय के तीसरे अग्रिम फसल अनुमान के मुताबिक, वर्ष 2025-26 के खरीफ सीजन में 305.09 लाख टन और पूरे साल में 550.95 लाख टन मक्का उत्पादन का अनुमान व्यक्त किया गया है, जबकि वर्ष 2024-25 के दौरान 434.09 लाख टन (खरीफ सीजन में 248.8 लाख टन) की पैदावार हुई थी।

एमएसपी के नीचे बिक रहा मक्का

देश में मक्का का थोक मंडी भाव 2200-2300 रुपये प्रति क्विंटल चल रहा है, जबकि न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) 2400 रुपये है। रकबे में कमी के बावजूद घरेलू बाजार में मक्के के भाव में कोई खास बदलाव देखने को नहीं मिल रहा है। हालांकि, वैश्विक बाजार में कीमतों में मजबूती देखी जा रही है। वैश्विक बाजार में जुलाई में मक्का के दाम करीब 9 फीसदी और पिछले एक साल में करीब 13 फीसदी चढ़ चुके हैं। फिलहाल अंतरराष्ट्रीय बाजार में मक्का की कीमत 4.61 डॉलर प्रति बूसेल चल रही है। एथेनॉल में मक्के की बढ़ती मांग की वजह से भी इसकी कीमतें बढ़ रही हैं।

Advertisement
First Published - July 27, 2026 | 9:13 PM IST

संबंधित पोस्ट

Advertisement
Advertisement
Advertisement