प्रतीकात्मक तस्वीर
राष्ट्रीय राजधानी के सराफा बाजार में मंगलवार को सोने की कीमत 2,000 रुपये बढ़कर 1.58 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम हो गई। खुदरा विक्रेताओं और स्टॉकिस्ट की ओर से लिवाली बढ़ने के कारण लगातार दूसरे सत्र में सोने की कीमतों में तेजी आई। 99.9 प्रतिशत शुद्धता वाले सोने की कीमत सोमवार के 1,56,800 रुपये प्रति 10 ग्राम के बंद भाव से 2,000 रुपये बढ़कर 1,58,800 रुपये प्रति 10 ग्राम (सभी करों सहित) हो गई।
अखिल भारतीय सराफा संघ के अनुसार, दो सत्रों तक 2,40,000 रुपये प्रति किलोग्राम पर स्थिर रहने के बाद चांदी की कीमत भी 730 रुपये बढ़कर 2,40,730 रुपये प्रति किलोग्राम (सभी करों सहित) हो गई। वैश्विक स्तर पर, हाजिर सोना 0.5 फीसदी घटकर 4,394.57 डॉलर प्रति औंस पर कारोबार कर रहा था और चांदी एक प्रतिशत से कुछ अधिक की गिरावट के साथ 65.08 डॉलर प्रति औंस रह गई।
मिरे ऐसेट शेयरखान में जिंस प्रमुख प्रवीण सिंह ने कहा कि पश्चिम एशिया से आपूर्ति संबंधी चिंताओं के कारण कच्चे तेल की कीमतों में उछाल के बीच सोना 4,392 डॉलर प्रति औंस के आसपास कारोबार कर रहा था। सोमवार को अमेरिका-ईरान के बीच 60 दिन का संघर्ष-विराम खत्म होने के बाद तेल की कीमतों में बढ़ोतरी हुई। उन्होंने कहा कि हालांकि इस अवधि को बढ़ाया जा सकता है, लेकिन कोई भी पक्ष ऐसा करने को तैयार नहीं है। अमेरिकी राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रंप ने कहा कि नौसैनिक नाकेबंदी जारी रहने के कारण ईरान पर अमेरिका का पलड़ा भारी है, जबकि ईरान ने अपनी सेना को स्थिर रहने को कहा है।
कोटक सिक्योरिटीज में जिंस शोध की सहायक उपाध्यक्ष कायनात चैनवाला ने कहा कि अमेरिकी बॉन्ड प्रतिफल में मजबूती और कुछ मुनाफावसूली के कारण हाजिर चांदी की कीमत गिरकर 65 डॉलर प्रति औंस के करीब रह गई। उन्होंने कहा कि गिरावट के बावजूद, सराफा के लिए माहौल अब भी सकारात्मक बना हुआ है।