टेक-ऑटो

13-17 साल के किशोरों के लिए नया चैटजीपीटी, मजबूत सुरक्षा और पैरेंटल कंट्रोल की सुविधा

चैटजीपीटी के सिस्टम को संदेह होता है कि उपयोगकर्ता की उम्र 18 वर्ष से कम है, तो यह नया फीचर अपने आप सक्रिय हो जाएगा

Published by
आशीष आर्यन   
Last Updated- August 18, 2026 | 11:40 PM IST

ओपनएआई ने मंगलवार को 13 से 17 वर्ष की उम्र के किशोर उपयोगकर्ताओं के लिए चैटजीपीटी सेवा शुरू की। कंपनी के अनुसार इसमें अधिक मजबूत सुरक्षा व्यवस्था और अभिभावकों के नियंत्रण की सुविधा होगी यानी वे अपने बच्चों की ऑनलाइन गतिविधियों की निगरानी कर सकेंगे।

यदि चैटजीपीटी के सिस्टम को संदेह होता है कि उपयोगकर्ता की उम्र 18 वर्ष से कम है, तो यह नया फीचर अपने आप सक्रिय हो जाएगा। कंपनी ने कहा कि ऐसे उपयोगकर्ताओं को स्वचालित रूप से किशोरों के लिए चैटजीपीटी अनुभव में रखा जाएगा ताकि उनकी सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।

ओपनएआई ने कहा, ‘किशोरों के लिए चैटजीपीटी फीचर सीखने और सुरक्षा सुविधाओं को एकीकृत करता है। इसका उद्देश्य कक्षा के बाहर सक्रिय और सहयोगात्मक सीखने में मदद करना तथा एआई के अधिक सोच-समझ कर और उम्र के अनुरूप उपयोग को बढ़ावा देना है।’

इसके अलावा अतिरिक्त सुरक्षा सुविधाओं में ऐसी सामग्री से सुरक्षा शामिल है, जिसमें खुद को नुकसान पहुंचाने, हिंसा, खतरनाक गतिविधियों या किसी भी तरह की यौन रूप से स्पष्ट सामग्री का चित्रण हो। ओपनएआई इंडिया में स्ट्रैटजी और वैश्विक मामलों की प्रमुख प्रज्ञा मिश्रा ने यह जानकारी दी।

First Published : August 18, 2026 | 11:31 PM IST