म्यामां के लिये नेउ फाउ ने पांचवें और खिन मो वाइ ने 26वें मिनट में गोल किया ।
म्यामां 27वें मिनट में एक और गोल करने के करीब पहुंचा लेकिन यि यि ओ का प्रयास विफल रहा । भारतीय महिला टीम पहले हाफ में लगे शुरूआती झटकों से ही नहीं उबर सकी । दूसरे हाफ में आक्रामक खेल दिखाने की कोशिश हुई लेकिन उन्हें गोल में नहीं बदला जा सका ।
विंगर खिन मो वाइ से मिले क्रास पर म्यामां की फारवर्ड नेउ फाउ ने पहला गोल आसानी से करके टीम को बढत दिलाई । भारत को बराबरी का गोल करने का मौका भी मिला लेकिन स्ट्राइकर बाला देवी भारत की पूर्व कप्तान ओ बेमबेम देवी से मिले पास पर गोल नहीं कर सकी ।
भारतीय टीम जब कुछ लय में आती दिख रही थी, तभी म्यामां ने दूसरा गोल करके उसका मनोबल फिर तोड़ दिया । इसी भारतीय टीम ने एक सप्ताह पहले दो नुमाइशी मैचों में बहरीन को हराया था ।