उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने आज शहरों में निर्बल वर्गों तथा कम आय के लोगों के लिये अनिवार्य रूप से मकान का निर्माण कराने तथा प्राधिकरणों को अपना भू-बैंक बनाने के निर्देश दिये।
मुख्यमंत्री ने आवास-विकास परिषद तथा सभी विकास प्राधिकरणों के कार्यों की समीक्षा करते हुए कहा नगरों में निर्बल वर्गों तथा कम आय के लोगों के लिये अनिवार्य रूप से मकान बनाये जाएं। साथ ही समेकित टाउनशिप परियोजनाओं में भी इन वर्गों के लिये नियमानुसार घर बनवाने की व्यवस्था की जाए।
अखिलेश ने प्राधिकरणों को अपना भू-बैंक बनाने के निर्देश भी दिये। उन्होंने कहा कि नागरिकों को अच्छी अवस्थापना सुविधा प्रदान करने के साथ-साथ प्राधिकरणों को बेहतर कार्य संस्कृति भी विकसित करनी होगी ताकि आम लोग अपना काम आसानी से करा सकें।
मुख्यमंत्री ने लखनउ विकास प्राधिकरण को बस रैपिड ट्रांजिट सिस्टम परियोजना को तेजी से अमल ेमें लाने के लिये सभी औपचारिकताएं पूरी करने तथा राजधानी लखनउ में यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिये सेतु बनाने का काम भी जल्द शुरू करने के निर्देश दिये।
उन्होंने जेपी अंतरराष्ट्रीय केन्द्र, अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम तथा जनेश्वर मिश्र पार्क परियोजनाओं के बारे में भी अधिकारियों से जानकारी ली और उन्हें समय से पूरा करने के निर्देश दिये।