शंघाई स्थित भारतीय वाणिज्य दूतावास की ओर से जारी प्रेस विग्यप्ति के अनुसार, शांगिआ में 29 अक्तूबर को चीन में भारत के राजदूत एस. जयशंकर और शंघाई इंटरनेशनल स्टडीज विश्वविद्यालय के कार्यकारी उपाध्यक्ष फेंग छिनगुआ ने सहमति पत्र पर हस्ताक्षर किए ।
हिन्दी की शिक्षा के लिए पेकिंग विश्वविद्यालय और गुआंगदोंग फॉरेन यूनिवर्सिटी में भी ऐसे ही न्यास हैं ।
सहमति पत्र के अनुसार विश्वविद्यालय में चीन और विदेश से आए छात्रों को हिन्दी की शिक्षा देने के लिए भारतीय सांस्कृतिक संबंध आयोग शंघाई इंटरनेशनल स्टडीज विश्वविद्यालय के साथ मिलकर हिन्दी भाषा के शिक्षक की नियुक्ति करेगा ।
विग्यप्ति के अनुसार, शंघाई इंटरनेशनल स्टडीज विश्वविद्यालय में हिन्दी भाषा का पाठ्यक्रम सितंबर 2013 से शुरू होने की संभावना है ।
यह न्यास लंबी अवधि के लिए होगा जहां प्रोफेसर छात्रों को पढ़ाने के साथ-साथ दो वर्ष के लिए शोध भी करेंगे ।
शिक्षा को भारत और चीन के बीच सहयोग का महत्वपूर्ण क्षेत्र माना गया है ।