| कैपिटल गुड्स कंपनियों में तेजी का रुख | | बीएस संवाददाता / मुंबई June 21, 2012 | | | | |
कारोबार शुरू होने के साथ ही कैपिटल गुड्स क्षेत्र की कंपनियों में तेजी का रुख देखने को मिल रहा है। बाजार में सुस्त कारोबार के बावजूद कैपिटल गुड्स कंपनियों में खरीदारी दर्ज की जा रही है। एक रिपोर्ट के मुताबिक सरकार बिजली पैदा करने वाले उपकरणों पर 5 फीसदी का आयात शुल्क लगाने जा रही है।
रिपोर्ट के मुताबिक, 'बुधवार को प्रधानमंत्री कार्यालय ने ऊर्जा मंत्रालय को आयातित पावर गियर पर अधिक शुल्क लगाने के लिए नया प्रस्ताव लाने का आदेश दिया है। सरकार के इस कदम का उद्देश्य बीएचईएल और एलऐंडटी जैसी कंपनियों को खासकर चीन से होने वाले सस्ते आयात से बचाना है।'
फिलहाल 1,000 मेगावॉट से कम क्षमता की परियोजना के लिए आयात किये जाने वाले उपकरणों पर 5 फीसदी शुल्क का प्रावधान है जबकि इससे अधिक क्षमता की परियोजनाएं शुल्क मुक्त हैं। बंबई स्टॉक एक्सचेंज का कैपिटल गुड्स इंडेक्स सेक्टोरल इंडिसेज में सबसे तेज बना हुआ है। इंडेक्स 120 अंक चढ़कर करीब 1.3 फीसदी की तेजी के साथ 9,710 के स्तर पर कारोबार कर रहा है।
एलऐंडटी, एबीबी, बीएचईएल, सीमेंस, क्रॉम्पटन ग्रीव्स, भारत इलेक्ट्रॉनिक्स और थर्मेक्स जैसी कैपिटल गुड्स क्षेत्र की कंपनियों के शेयरों में 1 से 3 फीसदी की तेजी देखने को मिल रही है।
|