सेना प्रमुख जनरल बिक्रम सिंह ने आज कहा कि सेना सामरिक तौर पर महत्वपूर्ण सियाचिन क्षेत्र से हटने के पक्ष में नहीं है जिसके लिए बहुत खून बहाया गया है।
जनरल सिंह ने कहा कि सेना ने इस बाबत सरकार को अपनी राय बता दी है और अंतिम फैसला सरकार को करना है।
उन्होंने मीडियाकर्मियों से बातचीत में कहा, यह बहुत महत्वपूर्ण है और हमें उस इलाके पर नियंत्रण बरकरार रखना चाहिए। हमने हमेशा यही राय व्यक्त की है। इन इलाकों और उंचाई वाले क्षेत्रों पर नियंत्रण के लिए हमने बलिदान दिये हैं और बहुत खून बहाया है।
जनरल सिंह ने सियाचिन के मुद्दे पर भारत के रुख को लेकर पूछे गये सवालों के जवाब में कहा, ये जगह सामरिक महत्व की हैं और हमने अपनी चिंताओं से सरकार को अवगत करा दिया है। अब सरकार को फैसला लेना है।
पाकिस्तान इस बात पर जोर दे रहा है कि सियाचिन से सेना को हटाया जाए लेकिन भारत ने स्पष्ट किया है कि ग्लेशियर पर मौजूदा सैन्य तैनाती के दोनों पक्षों के उचित सत्यापन के बिना नहीं किया जा सकता।