अस्पताल में काम करने के दौरान पर्याप्त सुरक्षा मुहैया कराए जाने का आश्वासन राज्य सरकार द्वारा मिलने के बाद यहां के एसएमएचएस अस्पताल के जूनियर डॉक्टरों ने अपनी हड़ताल खत्म कर दी है ।
एक आधिकारिक प्रवक्ता ने आज बताया कि लगभग एक सप्ताह से ये डॉक्टर हड़ताल पर थे, चिकित्सा शिक्षा मंत्री आर एस चिब द्वारा अस्पताल में उन्हें पर्याप्त सुरक्षा मुहैया कराने का आश्वासन देने के बाद कल शाम वे काम पर लौट आए ।
पिछले एक महीने से कई बार जूनियर डॉक्टरों से मरीजों के रिश्तेदारों और उनसे मिलने आए लोगों ने हाथापाई की है जिसकी वजह से ये डॉक्टर हड़ताल पर चले गये थे।
प्रवक्ता ने बताया कि इससे पूर्व मंत्री ने अस्पताल प्रशासन के अधिकारियों और जिला प्रशासन के साथ संयुक्त बैठक की अध्यक्षता की थी जिसमें अस्पताल के कामकाज में सुधार लाने के मुद्दे पर विचार विमर्श किया गया था । सुरक्षा कर्मियों की संख्या बढ़ाने और ट्रॉलियां लगाने जैसे मुद्दों पर भी चर्चा की गई ।
उन्होंने बताया कि बैठक में घाटी के इस प्रमुख अस्पताल में सुरक्षा तंत्र मजबूत करने के लिए विशेष पुलिस अधिकारियों :एसपीओज: की संख्या बढ़ाने का निर्णय किया गया ।
प्रवक्ता ने बताया कि मरीजों और अस्पताल प्रशासन की सुविधा के लिए चतुर्थ श्रेणी के कर्मचारी भी लगाए जाएंगे । प्रवेश के लिये पास जारी करने के साथ ही अस्पताल के कुछ प्रवेश द्वारों को बंद किया जाएगा ताकि अस्पताल में आगंतुकों और मरीजों से मिलने आने वाले लोगों की भीड़ को नियंत्रित किया जा सके ।
जारी भाषा