सार्वजनिक कार्यक्रम के दौरान यहां एक सरकारी अधिकारी के लिये जातिसूचक शब्दों के कथित इस्तेमाल पर मध्यप्रदेश के अदिम जाति और अनुसूचित जाति कल्याण मंत्री विजय शाह मुश्किल में फंस गये हैं।
शाह की विवादास्पद टिप्पणी पर भड़के वाल्मीकि समुदाय के लोगों ने आज यहां रीगल चौराहे पर विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने मांग की कि शाह को एक वर्ग विशेष के खिलाफ अपने अपमानजनक शब्द फौरन वापस लेने चाहिये।
प्रदेश के अदिम जाति और अनुसूचित जाति कल्याण मंत्री ने गुरुवार को शहर के एक आदिवासी छात्रावास के स्वर्ण जयंती समारोह के दौरान मंच से एक सरकारी अधिकारी से कथित तौर पर कहा कि अगर वह हरिजन है, तो अपने नाम के साथ यादव उपनाम क्यों जोड़ता है।
इस बीच, कांग्रेस ने शाह की विवादास्पद टिप्पणी को लेकर प्रदेश की भाजपा सरकार पर निशाना साधने में देर नहीं की।
प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता नरेंद्र सलूजा ने कहा, कोई सरकारी अफसर अपने नाम के साथ कौन..सा उपनाम जोड़ता है, इससे शाह को क्या फर्क पड़ता है। सरकारी अफसर के लिये सार्वजनिक तौर पर जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल करने वाले मंत्री को फौरन मंत्रिमंडल से बाहर किया जाना चाहिये।
उन्होंने कहा, इस टिप्पणी से प्रदेश सरकार द्वारा समाज के कमजोर वर्गोंं के विकास को लेकर किये जाने वाले बड़े..बडे़ दावोें की कलई खुल गयी है।