इस्लामाबाद, आठ सितंबर :भाषा: पाकिस्तान ने आज विदेश मंत्री एस एम कृष्णा की यात्रा के प्रति सद्भावना व्यक्त करते हुए अपनी जेलों में बंद सभी भारतीय मछुआरों को रिहा कर दिया ।
पाकिस्तान की विदेश मंत्री हिना रब्बानी खार ने अपने भारतीय समकक्ष एस एम कृष्णा के साथ संयुक्त संवाददाता सम्मेलन में कहा, सजा पूरी कर चुके और सजा काट रहे...सभी भारतीय मछुआरों को रिहा कर दिया गया है ।
कृष्णा ने सभी भारतीय मछुआरों को रिहा करने के शानदार कदम के लिए पाकिस्तान का शुक्रिया अदा किया ।
उन्होंने कहा, मैं उम्मीद करता हूं कि उनकी नौकाएं तथा ट्रालर भी जल्द छोड़े जाएंगे ।
इससे पूर्व आज दिन में कृष्णा के साथ नए उदार वीजा समझौते पर हस्ताक्षर करने के बाद पाकिस्तान के गृहमंत्री रहमान मलिक ने इस संबंध में घोषणा की ।
भारतीय जेलों में पाकिस्तान के मछुआरों की संख्या 120 और पाकिस्तान की जेलों में 80 से अधिक भारतीय मछुआरे थे ।
पाकिस्तान ने पिछले महीने ही भारत के स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर सद्भावना के तौर पर 55 भारतीय मछुआरों को रिहा किया था ।
वीजा समझौते पर मलिक ने कहा कि इस पर मित्रता की भावना के तौर पर हस्ताक्षर किए गए ।
उन्होंने कहा, हमने अधिकतर चीजों को उदार बना दिया है । यह बहुत ही महत्वपूर्ण कदम है ।