सरकार के साथ अगले महीने नार्वे में शुरू होने वाली शांति वार्ता से पहले कोलंबिया के मुख्य वामपंथी विद्रोही संगठन ने संघर्ष विराम का प्रस्ताव पेश किया है। उसने तीन वार्ताकारों का नाम पेश किया है जिसमें शीर्ष छापामार लड़ाका भी शामिल है जो अब अमेरिकी जेल में बंद है।
विद्रोहियों ने कल कहा कि हमारा पहला उद्देश्य आधी सदी से जारी लड़ाई को खत्म करने के लिए संघर्ष विराम करना होगा जिसमें हजारों लोगों की जान गयी है।
रिवॉल्यूशनरी आम्र्ड फोर्स ऑफ कोलंबिया या एफएआरसी के शीर्ष नेता और प्रवक्ता मारिसियो जारामिल्लो ने बताया कि जब हम लोग वार्ता की मेज पर बैठेंगे तब हम लोग संघर्ष विराम का प्रस्ताव रखेंगे। उन्होंने कहा हम लोग इस मुद्दे पर बातचीत करेंगे।
एफएआरसी ने कहा कि यह वार्ता आठ अक्तूबर को ओस्लो में शुरू होने वाली है।
हवाना में जारामिल्लो ने संवाददाताओं को बताया कि दो वार्ताकारों में से एक पिछले शांति वार्ता में भाग लेने वाले और एफएआरसी के छह सदस्यीय सत्तारूढ़ सचिवालय के एक सदस्य इनाव मारक्वेज और दूसरे जोस सैंटरिच शामिल हैं।
विद्रोहियों ने बताया कि वह चाहते हैं कि वार्ताकारों मेें एफएआरसी के वरिष्ठ सदस्य और पूर्व शांति वार्ताकार रिचार्डो पालमेरा उर्फ सिमोन त्रिनिदाद को भी शामिल किया जाय। पालमेरा को 2005 में अमेरिका को प्रत्यर्पित किया गया था।
एपी