अमेरिकी विदेश मंत्री हिलेरी क्लिंटन दो दिवसीय चीन दौरे पर आज रात यहां पहुंचीं । वह चीन और उसके पड़ोसी देशों के बीच जारी दक्षिण चीन सागर विवाद और विवादित द्वीपों के मामले पर चीन और जापान के बीच चल रही तनातनी सहित कई अहम मुद्दों पर चर्चा करेंगी ।
बीजिंग में अपने प्रवास के दौरान क्लिंटन चीन के राष्ट्रपति हू जिंताओ, प्रधानमंत्री वेन जियाबाओ, उप-राष्ट्रपति जाइ जिनपिंग और स्टेट काउंसिलर दाई बिंगुओ से मुलाकात करेंगी । वह विदेश मंत्री यांग जाइची के साथ वार्ता में भी हिस्सा लेंगी ।
इस साल क्लिंटन की यह दूसरी चीन यात्रा है । मई महीने में उन्होंने चीन-अमेरिका सामरिक एवं आर्थिक वार्ता के चौथे दौर में शिरकत की थी । यह यात्रा क्लिंटन के छह देशों के दौरे का एक हिस्सा है जो 30 अगस्त को शुरू हुआ ।
चीन आने से पहले वह इंडोनेशिया गयी थीं जहंा उन्होंने कहा कि चीन और उसके पड़ोसी देशों के बीच दक्षिण चीन सागर विवाद का समाधान शांतिपूर्ण और कूटनीतिक तरीके से किया जाना चाहिए जो अंतरराष्ट्रीय कानूनों और समुद्री कानूनों पर आधारित हों ।