बेंगलूर में पूर्वोत्तर के लोगों पर हमले के बाद वहां से पिछले माह अपने राज्य में चले गये करीब 1000 लोग आज यहां लौट आये ।
रेलवे स्टेशन पर उनका स्वागत करने पहुंचे रेलवे के डीआईजी बी श्रीकांतप्पा ने बताया, जो लोग लौटे हैं उन्होंने उनके संरक्षण के लिये कर्नाटक सरकार द्वारा मुहैया करायी गयी सुरक्षा पर संतोष जताया ।
रेलवे स्टेशन पर कडी सुरक्षा के बीच पूर्वोत्तर के लोग शाम साढे चार बजे गुवाहाटी..बेंगलूर स्पेशल टे्रन से पहुंचे।
पूर्वोत्तर से लौटे लोगों ने बताया कि उन्हें हमले का एसएमएस मिलने के बाद वे अपने राज्य चले गये थे । लेकिन सरकार द्वारा उनकी सुरक्षा के बारे में उठाये गये कदमों के बारे में छपी खबरें पडने के बाद तथा हाल में गुवाहाटी की यात्रा पर आये उप मुख्यमंत्री आर अशोक की व्यक्तिगत अपील के बाद उनका डर जाता रहा ।
एक ब्यूटी पार्लर में काम करने वाले तेनसिंग ने बताया, अब हमारे मन में कोई भय नहीं है।
एक प्रसिद्व हेअर सैलून में काम करने वाले नानू ने बताया कि एसएमएस और अफवाहें बदमाश तत्वों का काम था । मुझे खुशी है कि पुलिस इस मामले को देख रही है । मैं इस शहर में वापस आकर खुश हूं ।
कर्नाटक के विभिन्न हिस्सों में पूर्वोत्तर के साढे तीन लाख से अधिक लोग रहते हैं जिनमें से करीब 30000 लोग विवादास्पद एसएमएस के कारण 15 अगस्त के बाद अपने गृह राज्य चले गये थे।