भारतीय टेनिस खिलाड़ी रोहन बोपन्ना का मानना है कि वह बेहद भाग्यशाली है जो ओलंपिक का हिस्सा बने। उन्होंने कहा कि यहां विंबलडन में पुरुष युगल टेनिस चैम्पियनशिप के दौरान जब वह महेश भूपति के साथ जोड़ी बनाएंगे तो उनकी ध्यान नतीजे से अधिक प्रदर्शन पर होगा।
पहली बार ओलंपिक में हिस्सा लेने से रोमांचित बोपन्ना ने कहा कि वह खेलों के महाकुंभ का हिस्सा बनने की भावनाओं को जाहिर नहीं कर सकते।
बोपन्ना ने कहा, मैं सिर्फ खुद को भाग्यशाली मान सकता हूं। सिर्फ इतना सोचिए कि दुनिया के कितने खिलाडि़यों को इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में खेलने का मौका मिलता है। मैं इससे अधिक की अपेक्षा नहीं कर सकता।
उन्होंने कहा, मैं ओलंपिक में खेलने को लेकर अपनी भावनाओं और अहसास को जाहिर नहीं कर सकता। यहां आना शानदार है। एक छत के नीचे सर्वश्रेष्ठ खिलाडि़यों को देखना। एक छत के नीचे दुनिया भर सैकड़ों खिलाडि़यों को नाश्ता, भोजन और डिनर करते हुए देखना शानदार दृश्य होगा।
बोपन्ना ने कहा, मैं एशियाई खेलों मंे इतने सारे एथलीटों को देखकर हैरान था। लेकिन यह उससे चार से पांच गुना बड़ा होगा, यह अविश्वसनीय है।
बोपन्ना ने कहा कि उनकी इच्छा अमेरिकी बास्केटबाल टीम के खिलाडि़यों और फर्राटा किंग उसेन बोल्ट से मिलने की है।