टीवीएस मोटर कंपनी में 18 साल बाद शीर्ष स्तर पर बदलाव होने जा रहा है। दोपहिया और तिपहिया वाहन बनाने वाली यह दिग्गज कंपनी नया मुख्य कार्य अधिकारी (सीईओ) नियुक्त कर रही है, क्योंकि वह अग्रणी मोबिलिटी कंपनी के तौर पर अपनी स्थिति मजबूत करके
वैश्विक विस्तार के अगले चरण की ओर बढ़ रही है। कंपनी ने पेमान कारगार को निदेशक और मुख्य कार्य अधिकारी नियुक्त करने का शुक्रवार को ऐलान किया। यह नियुक्ति 27 जनवरी, 2027 से लागू होगी।
खुद को टर्नअराउंड लीडर (कायापलट करने वाला अगुआ) बताने वाले फ्रांसीसी नागरिक कारगार केएन राधाकृष्णन की जगह लेंगे। राधाकृष्णन ने साल 2008 में चेन्नई की इस कंपनी के मुख्य कार्य अधिकारी और अध्यक्ष का पद संभाला था। इसके बाद में साल 2018 में उन्हें मुख्य कार्य अधिकारी और निदेशक के पद पर पदोन्न्नत किया गया था। काम का सुचारु रूप से हस्तांतरण सुनिश्चित करने के लिए राधाकृष्णन जनवरी तक अपनी भूमिका निभाते रहेंगे।
यह कदम काफी अहम है क्योंकि कंपनी भारत में अपनी स्थिति मजबूत करने और वाहनों के नवाचार, प्रीमियम वाहन बनाने तथा विकसित बाजारों में विस्तार के जरिये अंतरराष्ट्रीय बाजार में अपनी मौजूदगी बढ़ाने का लक्ष्य बना रही है। कारगार मार्च 2025 से टीवीएस मोटर के अंतरराष्ट्रीय कारोबार के अध्यक्ष के तौर पर काम कर रहे हैं। उनके पास यूरोप, एशिया, अफ्रीका और पश्चिम एशिया में वैश्विक वाहन अगुआई में तीन दशकों से ज्यादा का अनुभव है। उन्होंने वाहन उद्योग के कुछ सबसे जाने-माने वैश्विक ब्रांड में वरिष्ठ पदों पर काम किया है।
उनकी अगुआई में अंतरराष्ट्रीय कारोबार टीवीएस मोटर कंपनी के वैश्विक विस्तार में काफी अहम योगदान करने वाला बन गया है। आज यह कारोबार कंपनी की बिक्री में 29 प्रतिशत की हिस्सेदारी करता है और यह 33 प्रतिशत की दर से बढ़ रहा है। वित्त वर्ष 26 के दौरान विदेशी बिक्री बढ़कर 15.8 लाख हो गई, जबकि वित्त वर्ष 25 में यह 11.9 लाख थी।
टीवीएस मोटर कंपनी के चेयरमैन सुदर्शन वेणु ने कहा, ‘कारगार कामयाब वैश्विक नेतृत्वकर्ता हैं। उनके पास उद्योग का गहरा अनुभव और रणनीतिक सोच है तथा उन्हें ग्राहकों और बाजार की भी अच्छी समझ है। अंतरराष्ट्रीय कारोबार के अध्यक्ष के तौर पर उन्होंने हमारे कारोबार में पहले ही अहम योगदान दिया है और मुझे पूरा भरोसा है कि टीवीएस मोटर कंपनी की कमान संभालने और दुनिया की प्रमुख परिवहन कंपनियों में हमारी स्थिति को और मजबूत करने के लिहाज से वह ही सही व्यक्ति हैं।’
इस बदलाव के बाद राधाकृष्णन जुलाई 2027 में होने वाली एजीएम (सालाना आम बैठक) तक गैर-कार्यकारी निदेशक के तौर पर काम करेंगे। वे बेहतरीन नेतृत्वकर्ता रहे हैं और टीवीएस मोटर कंपनी के विकास में उन्होंने अहम भूमिका निभाई है। माना जा रहा है कि कारगार जनवरी से बेंगलूरु से संचालन करेंगे।
कारगार ने कहा कि उनका ध्यान कंपनी के सपने को साकार करने और उसकी प्रौद्योगिकी अगुआई, आर्टिफिशल इंटेलिजेंस (एआई) क्षमताओं, गुणवत्ता के प्रति प्रतिबद्धता और ग्राहकों पर केंद्रित रहने की प्रवृत्ति को मजबूत करने पर होगा।
टीवीएस मोटर कंपनी का यह नेतृत्व परिवर्तन ऐसे समय में हो रहा है जब कंपनी तेजी से बढ़ रही है और भारत में अपनी स्थिति मजबूत करने के साथ-साथ अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी विस्तार कर रही है। वित्त वर्ष 26 में कंपनी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए दुनिया भर में 59 लाख वाहन बेचे और राजस्व में 30 प्रतिशत की बढ़ोतरी हासिल की।
कंपनी अफ्रीका, दक्षिण-पूर्व एशिया और लैटिन अमेरिका में और विस्तार करना चाहती है। वेणु ने हाल ही में शेयरधारकों को एक संदेश में कहा, ‘हम अफ्रीका में दोपहिया परिवहन के क्षेत्र में सबसे भरोसेमंद नामों में से एक हैं और हम इसी भरोसे को और मजबूत करना चाहते हैं।’
यह कदम ऐसे समय में उठाया जा रहा है जब कंपनी साल 1898 में शुरू हुए मशहूर ब्रिटिश मोटरसाइकल ब्रांड नॉर्टन मोटरसाइकल्स के वैश्विक विस्तार की योजनाओं पर तेजी से काम कर रही है। टीवीएस ने साल 2020 में नॉर्टन को खरीदा था और अब वह इस ब्रांड को फिर से खड़ा करने के लिए भारी निवेश कर रही है। इसके होसुर संयंत्र में विनिर्माण भी शुरू हो चुका है।
साल 2025 में टीवीएस मोटर से जुड़ने से पहले कारगार निसान कंपनी के लक्जरी ब्रांड इनफिनिटी के वैश्विक चेयरमैन और अध्यक्ष थे। उन्होंने दुनिया भर में इनफिनिटी ब्रांड की पूरी मूल्य श्रृंखला को संभाला, जिसमें वाहनों के मॉडल की योजना, आरऐंडडी, विनिर्माण, गुणवत्ता, बिक्री और विपणन तथा वित्त क्षेत्र शामिल थे। मार्च 2023 तक तीन से ज्यादा साल में उन्होंने ब्रांड में बड़े बदलाव किए। इसके परिणामस्वरूप बिक्री में 20 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई और कारोबार सालाना 1 अरब डॉलर के मुनाफ की राह पर चल पड़ा।
इसी शानदार प्रदर्शन और निसान के अफ्रीका-पश्चिम एशिया-भारत क्षेत्र में सफल कार्यकाल की वजह से कारगार ने अपनी एक लिंक्डइन पोस्ट में खुद को टर्नअराउंड लीडर कहा।