राज्य में नए खिलाडि़यों के प्रशिक्षण ओैर प्रदर्शन मैचों के आयोजन में सहयोग करेंगे ।
भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान सुनील गावस्कर ने नया रायपुर में निर्मित अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम का अवलोकन किया तथा कहा कि यह भारत का दूसरा सबसे बड़ा स्टेडियम है । यहां नये खिलाडि़यों को प्रोत्साहित करने और स्टेडियम के बेहतर उपयोग के लिए समय..समय पर विभिन्न स्तरों के क्रिकेट मैच होते रहने चाहिए ।
गावस्कर ने कहा कि नया रायपुर के अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में नवोदित खिलाडि़यों के प्रशिक्षण तथा भारतीय टीम के प्रदर्शन मैचों के आयोजन के लिए वे अपनी ओर से राज्य सरकार को हर संभव सहयोग देंगे , जिससे छत्तीसगढ़ को भारतीय क्रिकेट कन्ट्रोल बोर्ड : बी.सी.सी.आई.: की सम्बद्धता मिल सके ।
अधिकारियों ने बताया कि गावस्कर ने मुख्यमंत्री रमन सिंह के विशेष आग्रह पर नया रायपुर विकास प्राधिकरण के अधिकारियों के साथ स्टेडियम का अवलोकन किया । गावस्कर के वहां पहुंचते ही खिलाडि़यों और दर्शकों ने उत्साह के साथ उनका स्वागत किया । इस दौरान गावस्कर ने नवोदित खिलाडि़यों और बच्चों को क्रिकेट की बारीकियों के बारे में कुछ टिप्स भी दिए ।
स्टेडियम की बनावट की प्रशंसा करते हुए गावस्कर ने कहा कि छत्तीसगढ़ जैसे नये राज्य में भव्य स्टेडियम का निर्माण अल्प समय में किया जाना यहां की सरकार और खेल प्रेमी जनता के लिए एक बड़ी उपलब्धि है ।