अफगानिस्तान और पाकिस्तान के लिए अमेरिका के विशेष प्रतिनिधि मार्क ग्रॉसमैन द्विपक्षीय एवं क्षेत्रीय मुद्दों पर चर्चा के लिए पाकिस्तान जाएंगे।
ग्रॉसमैन कल वाशिंगटन से रवाना हुए हैं और वह इस हफ्ते के आखिर में तुर्की से पाकिस्तान पहुंचेंगे। तुर्की में वह अफगानिस्तान के लिए इंटरनेशनल कान्टैक्ट ग्रुप :आईसीजी: की एक बैठक में भी शामिल होंगे।
विदेश मंत्रालय की ओर से जारी बयान में कहा गया है कि इस बैठक में अफगानिस्तान में बदलाव के लिए अंतरराष्ट्रीय सहयोग पर चर्चा होगी। बयान में कहा गया है कि ग्रॉसमैन पाकिस्तान के सरकार के साथ दोनों देशों के साझा हितों के लिए काम करना जारी रखेंगे।
बयान के अनुसार, आईसीजी के सदस्य देश अफगान नीत राजनीतिक प्रक्रिया तथा वहां सत्ता हस्तांतरण की योजना के लिए अंतरराष्ट्रीय सहयोग पर चर्चा करने के बारे में भी विचार कर रहे हैं।