बीजिंग, 30 अगस्त :भाषा: चीन के सिचुआन प्रांत की एक कोयला खदान में हुए गैस विस्फोट में कम से कम 26 खनिक मारे गए और 21 अब भी फंसे हुए हैं।
यह विस्फोट कल शाम पंजहीहुआ शहर की जियाओजिअवान कोयला खदान में हुआ। हादसे के वक्त खदान में 154 खनिक काम कर रहे थे।
सरकारी समाचार एजेंसी शिन्हुआ के अनुसार 21 खनिक अब भी खदान में फंसे हुए हैं और उनकी हालत के बारे में अभी कोई जानकारी नहीं है।
राहत विभाग के मुख्यालय ने बताया कि कुल 107 खनिकों को सुरक्षित बाहर निकाला गया है। राहत एवं बचाव कार्य में सात अलग अलग दलों में 76 लोग जुटे हुए हैं।
विस्फोट झेंगजीन इंडस्ट्री एंड ट्रेड कंपनी लिमिटेड के स्वामित्व वाली खदान में हुआ। खदान का मालिक पुलिस की हिरासत में है।
लापरवाही और नियमों के उल्लंघन के चलते चीन की खदानों में आए दिन दुर्घटनाएं होती रहती हैं ।