दिल्लीवासियों का लंबा इंतजार समाप्त करते हुए मानसून आठ दिन की देरी से आज राजधानी दिल्ली पहंुच गया तथा बारिश की बौछारों ने लोगों को भीषण गर्मी से राहत प्रदान की। हालांकि शाम के समय हुई वर्षा के बाद दिल्लीवासियों को जलभराव के चलते यातायात जाम का सामना भी करना पड़ा।
शाम के समय हुई वर्षा ने दिल्ली सरकार और नगर निगमों के नालियां साफ होने के तमाम दावों की पोल खोल दी क्योंकि शहर के लगभग सभी स्थानों से पानी भरने की सूचनाएं मिलीं। हालांकि अधिकारियों ने एकदूसरे पर आरोप लगाकर अपना पल्ला झाड़ने का प्रयास किया।
भारतीय मौसम विभाग के महानिदेशक लक्ष्मण सिंह राठौर ने पीटीआई से कहा, हां, हम यह कह सकते हैं कि ये मानसूनी वर्षा है लेकिन हम इसकी आधिकारिक घोषणा कल करेंगे क्योंकि हमें 24 घंटे तक वर्षा के आंकड़ों का अवलोकन करना होगा। वर्षा व्यापक है और यह दो तीन दिन तक जारी रहेगी।