राष्ट्रपति उहुरू केन्याता ने कहा कि इस कायराना हमले में उन्होंने परिवार के करीबी सदस्यों को खो दिया है ।
केन्याता ने कहा कि सैकड़ों लोगों को मॉल से सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है । उन्होंने बताया कि सुरक्षाबल हमले का जवाब दे रहे हैं । राष्ट्रपति ने इसे चुनौतीपूर्ण अभियान बताया और कहा कि पहली प्राथमिकता उन लोगों को सुरक्षित बचाने की है जिन्हें हमलावरों ने अब भी बंधक बना रखा है ।
अलकायदा से जुड़े सोमालियाई आतंकी समूह अल शबाब ने हमले की जिम्मेदारी ली है ।
बहुत से प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि आतंकवादियों ने लोगों से पूछा कि उनमें से कौन मुस्लिम हैं और कौन नहीं । जिन लोगों ने खुद को मुसलमान बताया, उन्हें मुक्त कर दिया गया और गैर मुसलमानों को बंधक बनाकर रखा गया ।
आतंकी संगठन ने हमले की जिम्मेदारी लेते हुए कहा कि यह 2011 में केन्याई बलों द्वारा सोमालिया में घुसकर चलाए गए अभियान का जवाब है । समूह ने ऐसे और हमले करने की धमकी भी दी ।
मारे गए लोगों में विदेशी नागरिक हो सकते हैं । ऐसी खबरें हैं कि हमले में अमेरिकी नागरिक घायल हुए हैं, लेकिन अमेरिकी विदेश विभाग ने कहा कि उसके पास कोई ब्यौरा नहीं है ।
आतंकियों ने नैरोबी के प्रमुख मॉल पर कल हमला किया था । उन्होंने ग्रेनेड फेंके और राइफलों से गोलीबारी की । मॉल में हर ओर खून बिखरा था तथा महिलाएं अपने बच्चों को गोद में लिए चीखती चिल्लाती नजर आईं ।
विशेष बलों की दो टुकडि़यां आतंकवादियों का मुकाबला करने के लिए भेजी गईं ।
एपी