चुनाव के दौरान कहीं से हिंसा की किसी बड़ी घटना की खबर नहीं है। नतीजे रविवार को सामने आ सकते हैं।
निर्वाचन अधिकारियों ने बताया कि 715,000 मतदाताओं में से करीब 60 फीसदी लोगों ने अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया।
उन्होंने कहा कि स्थानीय समयानुसार शाम छह बजे 478 मतमणना केंद्रों पर मतगणना आरंभ हो गई है।
निर्वाचन आयुक्त महिंदा देशप्रिय ने कहा कि स्वतंत्र एवं निष्पक्ष चुनाव के लिए सभी कदम उठाए गए हैं और नतीजे कल सुबह छह बजे आ सकते हैं।
लिटटे और सेना के बीच लड़ाई के केंद्र रहे इस क्षेत्र में 25 साल के अंतराल में यह पहला चुनाव है जो सेना से लिट्टे की हार के चार साल बाद हो रहा है।
दोपहर के समय तक अधिकांश इलाकों में आधे से अधिक लोगों ने अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया।
साल 2009 में लिट्टे को मिली हार तक यह क्षेत्र इसी विद्रोही संगठन के प्रभाव में था और युद्धकाल के बाद यह पहला प्रांतीय प्रशासनिक चुनाव है । इसके लिए पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 850 मतदान केंद्रों पर सुबह सात बजे कड़ी सुरक्षा के बीच मतदान आरंभ हुआ।
प्रांत में दो हजार से अधिक स्थानीय और विदेशी चुनाव पर्यवेक्षक तैनात हैं। चुनाव में पांच साल के लिए 36 सदस्यीय उत्तर प्रांतीय परिषद निर्वाचित की जाएगी ।