आपका पैसा

Cryptocurrency में करते हैं लेन-देन? CBDT ने जारी की नई ट्रांजैक्शन-एक्सचेंज गाइडलाइन, जानें क्या बदला

CBDT ने क्रिप्टो लेनदेन पर नजर रखने के लिए 198 पन्नों का गाइडेंस नोट जारी किया है, जिससे अगले साल से वैश्विक स्तर पर डेटा साझा किया जा सके

Published by
ऋषभ राज   
Last Updated- July 27, 2026 | 4:49 PM IST

क्रिप्टोकरंसी और डिजिटल एसेट्स के इस्तेमाल करने वालों और इनसे जुड़े कारोबारियों के लिए एक बड़ी खबर सामने आई है। सेंट्रल बोर्ड ऑफ डायरेक्ट टैक्सेज यानी CBDT  ने क्रिप्टो-एसेट रिपोर्टिंग को लेकर 198 पन्नों का एक नया गाइडेंस नोट जारी किया है। इस कदम का सीधा असर यह होगा कि अगले साल से दुनियाभर में क्रिप्टो लेनदेन की जानकारी साझा करना आसान हो जाएगा।

इस नोट को ‘ऑर्गनाइजेशन फॉर इकोनॉमिक कोऑपरेशन एंड डेवलपमेंट (OECD)’ के तैयार किए गए क्रिप्टो एसेट रिपोर्टिंग फ्रेमवर्क (CARF) के तहत लाया गया है। इसके बाद अब क्रिप्टो एक्सचेंजों की जिम्मेदारी और अधिक बढ़ गई है, क्योंकि उन्हें अपने प्लेटफॉर्म पर होने वाले ट्रांजैक्शंस की पूरी जानकारी टैक्स डिपार्टमेंट को देनी होगी।

क्या कहता है नया नियम और कानून?

CBDT के मुताबिक, यह गाइडेंस नोट रिपोर्टिंग क्रिप्टो-एसेट सर्विस प्रोवाइडर्स (RCASPs) के लिए तैयार किया गया है। इसका मकसद उन्हें इनकम टैक्स एक्ट और इनकम टैक्स रूल्स के तहत अपनी रिपोर्टिंग जिम्मेदारियों को ठीक से समझने में मदद करना है।

अधिकारियों ने साफ किया है कि इस गाइडेंस नोट या इससे जुड़े अक्सर पूछे जाने वाले सवालों (FAQs) का देश में क्रिप्टो-एसेट्स की वेलिडिटी या उनको लेकर नियमों से कोई लेना-देना नहीं है। इसका मतलब है कि यह गाइडेंस नोट केवल टैक्स और रिपोर्टिंग से जुड़े पहलुओं तक सीमित है। इसका उद्देश्य न तो क्रिप्टो-एसेट्स को कानूनी मान्यता देना है और न ही उन पर प्रतिबंध लगाने से जुड़ा है।

CBDT के चेयरमैन रवि अग्रवाल ने नोट में कहा है कि डिजिटल एसेट्स का दायरा और इस्तेमाल तेजी से बढ़ रहा है, जिससे टैक्स चोरी पर लगाम लगाने और देश के राजस्व की सुरक्षा करने की चुनौती भी बढ़ी है। उनके मुताबिक, यह गाइडेंस नोट सर्विस प्रोवाइडर्स के नियमों को मानने के लिए और स्पष्ट दिशा-निर्देश देगा।

वहीं, CBDT के मेंबर (लेजिस्लेशन) प्रसेनजित सिंह ने कहा कि अब तक क्रिप्टो-एसेट्स पारंपरिक फाइनेंशियल रिपोर्टिंग, जैसे FATCA और CRS, के दायरे से बाहर रह जाते थे। इसकी वजह से दुनिया भर में टैक्स संबंधी जानकारी के आदान-प्रदान में एक बड़ी कमी बनी रहती थी। उन्होंने कहा कि इसी खामी को दूर करने के लिए CARF को लागू किया गया है।

 Also Read: क्या सिर्फ PF के भरोसे सुरक्षित रहेगा आपका रिटायरमेंट? एक्सपर्ट्स ने समझें निवेश का सही फॉर्मूला

क्या है क्रिप्टो-एसेट रिपोर्टिंग फ्रेमवर्क (CARF)?

CARF के तहत ‘क्रिप्टो-एसेट्स’ को ऐसे डिजिटल एसेज के रूप में बताया गया है, जो सुरक्षित डिजिटल लेजर (ब्लॉकचेन या इसी तरह की तकनीक) पर आधारित होते हैं और जिनके लेनदेन को सुरक्षित तरीके से रिकॉर्ड और वेरिफाई किया जाता है। इसके दायरे में सभी तरह की क्रिप्टोकरेंसी और क्रिप्टो से जुड़े टोकन शामिल हैं।

इस फ्रेमवर्क के लागू होने से क्रिप्टो सेक्टर में टैक्स ट्रांसपेरेंसी बढ़ेगी। इसके साथ ही, क्रिप्टो लेनदेन से जुड़ा डेटा इकट्ठा करने वाले रिपोर्टिंग क्रिप्टो-एसेट सर्विस प्रोवाइडर्स (RCASPs) की जिम्मेदारियां भी बढ़ जाएंगी। CARF के तहत इन सर्विस प्रोवाइडर्स को अपने यूजर्स की पहचान करनी होगी और लेनदेन की जानकारी हर साल रिपोर्ट करनी होगी।

जब यह जानकारी टैक्स अधिकारियों के पास पहुंच जाएगी, तो अंतरराष्ट्रीय समझौतों के तहत इसे ऑटोमैटिक उस देश के टैक्स डिपार्टमेंट के साथ शेयर किया जाएगा, जहां संबंधित क्रिप्टो यूजर टैक्स रेजिडेंट है। इसी तरह के ऑटोमैटिक डेटा एक्सचेंज सिस्टम को डेवल करने की जिम्मेदारी G20 देशों ने OECD को सौंपी थी।

टैक्सपेयर्स और निवेशकों पर इसका क्या असर होगा?

एक्सपर्ट्स का मानना है कि इस गाइडेंस नोट के आने के बाद आम टैक्सपेयर्स के लिए कोई नया नियम नहीं जुड़ा है, लेकिन अब सटीक रिकॉर्ड रखना और सही जानकारी देना बहुत जरूरी हो गया है। ऐसा इसलिए क्योंकि टैक्स डिपार्टमेंट के पास अब सीधे ट्रांजैक्शन लेवल तक की जानकारी पहुंच जाएगी।

Also Read: क्या होम लोन की लंबी EMI आपकी रिटायरमेंट प्लानिंग को प्रभावित करती है? एक्सपर्ट से समझें

टैक्सपेयर्स को सारे डॉक्यूमेंट्स रखना क्यों जरूरी?

टैक्सपेयर्स को इनकम टैक्स एक्ट के मौजूदा नियमों के मुताबिक, अपनी क्रिप्टो इनकम की सही जानकारी देनी चाहिए। साथ ही, उन्हें क्रिप्टो की खरीद, बिक्री, ट्रांसफर और वॉलेट मूवमेंट से जुड़े सभी रिकॉर्ड सुरक्षित रखने चाहिए। एक्सचेंजों के स्टेटमेंट और दूसरे जरूरी डॉक्यूमेंट्स को संभालकर रखना भी जरूरी है, ताकि इनमक टैक्स रिटर्न में दी गई जानकारी एक्सचेंजों के पास मौजूद डेटा से पूरी तरह मेल खा सके।

सर्विस प्रोवाइडर्स की क्या होंगी जिम्मेदारियां?

गाइडेंस नोट के मुताबिक, हर RCASP के लिए यह जरूरी कर दिया गया है कि वह अपने सभी रिपोर्टेबल यूजर्स की पहचान करे।

  • इसमें वे क्रिप्टो यूजर शामिल हैं जो भारत के बाहर के देशों में टैक्स रेजिडेंट हैं।
  • इसके अलावा, कुछ खास संस्थाओं के कंट्रोलिंग पर्सन्स भी इसमें शामिल हैं, जो एक्टिव कैटेगरी में नहीं आते या जिन्हें छूट नहीं मिली है।

गाइडेंस नोट के मुताबिक, सर्विस प्रोवाइडर्स को अपने ग्राहकों की पहचान और टैक्स रेजिडेंसी की जांच (ड्यू डिलिजेंस) करनी होगी तथा तय नियमों का पालन सुनिश्चित करना होगा। पहचान की पुष्टि होने के बाद उन्हें यूजर्स की जानकारी के साथ उनके निर्धारित क्रिप्टो लेनदेन का पूरा ब्योरा टैक्स अधिकारियों को देना होगा।

इसके अलावा, गाइडेंस नोट में ‘रिपोर्टेबल रिटेल पेमेंट ट्रांजैक्शन’ के बारे में विस्तार से बताया गया है। यदि कोई व्यक्ति किसी भी प्रकार की खरीद के लिए क्रिप्टो-एसेट का इस्तेमाल करता है और उस लेनदेन का मूल्य 50,000 डॉलर से अधिक है, तो वह भी इस रिपोर्टिंग फ्रेमवर्क के दायरे में आएगा। इस व्यवस्था का उद्देश्य देश और विदेश में होने वाले डिजिटल एसेट्स के लेनदेन में अधिक पारदर्शिता और प्रभावी टैक्स रिपोर्टिंग सुनिश्चित करना है।

First Published : July 27, 2026 | 4:49 PM IST