बाजार

Rupee vs Dollar: रुपया 6 पैसे की गिरावट के साथ 83.39 प्रति डॉलर पर

कमजोर एशियाई मुद्राओं और कच्चे तेल की कीमतों में बढ़ोतरी का भी रुपये पर असर पड़ा। हालांकि, घरेलू बाज़ार में उछाल और एफआईआई प्रवाह ने गिरावट को सीमित कर दिया।

Published by
भाषा   
Last Updated- March 28, 2024 | 11:34 PM IST

रराष्ट्रीय बाजारों में कच्चे तेल की बढ़ती कीमतें और प्रमुख प्रतिद्वंद्वियों मुद्राओं की तुलना में डॉलर के मजबूत होने के कारण अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में गुरुवार को अमेरिकी मुद्रा के मुकाबले रुपया छह पैसे की गिरावट के साथ 83.39 प्रति डॉलर पर बंद हुआ।

सूत्रों ने कहा कि घरेलू शेयर बाजारों में मजबूती के रुख और हाल के समय में विदेशी कोषों का निवेश बढ़ने से रुपये को समर्थन मिला। अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में डॉलर के मुकाबले रुपया 83.32 प्रति डॉलर पर खुला और कारोबार के दौरान 83.30 के दिन के उच्चतम स्तर तथा 83.40 के दिन के निचले स्तर तक जाने के बाद अंत में डॉलर के मुकाबले छह पैसे की गिरावट के साथ 83.39 पर बंद हुआ। पिछले कारोबारी सत्र में रुपया चार पैसे की गिरावट के साथ 83.33 प्रति डॉलर पर बंद हुआ था।

इस बीच, छह प्रमुख मुद्राओं के मुकाबले अमेरिकी डॉलर की स्थिति को दर्शाने वाला डॉलर सूचकांक 0.34 प्रतिशत की तेजी के साथ 104.42 पर कारोबार कर रहा था। बीएनपी पारिबा बाय शेयरखान के शोध विश्लेषक अनुज चौधरी ने कहा कि मजबूत डॉलर और तेल विपणन कंपनियों की डॉलर मांग के कारण गुरुवार को भारतीय रुपये में गिरावट आई।

कमजोर एशियाई मुद्राओं और कच्चे तेल की कीमतों में बढ़ोतरी का भी रुपये पर असर पड़ा। हालांकि, घरेलू बाज़ार में उछाल और एफआईआई प्रवाह ने गिरावट को सीमित कर दिया। उन्होंने कहा, ‘हमें उम्मीद है कि मजबूत डॉलर और कमजोर एशियाई मुद्राओं के कारण रुपया थोड़ा नकारात्मक पूर्वाग्रह के साथ कारोबार करेगा। वित्त वर्ष के अंत में आयातकों और ओएमसी से डॉलर मांग के कारण रुपये पर नकारात्मक दबाव पड़ सकता है।’’

चौधरी ने कहा कि मजबूत घरेलू बाजार निचले स्तर पर रुपये का समर्थन कर सकते हैं। वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड वायदा 0.52 प्रतिशत की तेजी के साथ 86.54 डॉलर प्रति बैरल के भाव पर था।

First Published : March 28, 2024 | 11:34 PM IST (बिजनेस स्टैंडर्ड के स्टाफ ने इस रिपोर्ट की हेडलाइन और फोटो ही बदली है, बाकी खबर एक साझा समाचार स्रोत से बिना किसी बदलाव के प्रकाशित हुई है।)