Upcoming IPOs: शेयर बाजार के प्राइमरी मार्केट में इस सप्ताह निवेशकों के लिए हलचल बनी रहने वाली है। आने वाले दिनों में कुल 4 नए मेनबोर्ड IPO निवेश के लिए खुलेंगे। वहीं, लिस्टिंग के मोर्चे पर भी यह सप्ताह व्यस्त रहेगा। SBI Funds Management और Alpine Texworld के शेयरों ने मंगलवार को शेयर बाजार में दस्तक दे दी है, जबकि Caliber Mining & Logistics और Sotefin Bharat के शेयर इस सप्ताह सूचीबद्ध होने वाले हैं। ऐसे में IPO बाजार पर निवेशकों की नजर बनी रहेगी।
अगर आप IPO में निवेश की योजना बना रहे हैं, तो इस सप्ताह खुलने वाले इश्यू और होने वाली लिस्टिंग की पूरी जानकारी जानना आपके लिए जरूरी है।
इस सप्ताह की शुरुआत Cube Highways Trust IPO से होगी। यह इश्यू 22 जुलाई को खुलेगा और 24 जुलाई तक निवेशकों के लिए खुला रहेगा।
यह 5,000 करोड़ रुपये का बुक-बिल्ट इश्यू है, जो पूरी तरह ऑफर फॉर सेल (OFS) पर आधारित है। कंपनी ने इसका प्राइस बैंड 151 से 152 रुपये प्रति यूनिट तय किया है।
23 जुलाई को एक साथ कई मेनबोर्ड IPO निवेश के लिए खुलेंगे।
Xtranet Technologies IPO का आकार 166.80 करोड़ रुपये है। यह पूरी तरह फ्रेश इश्यू है, जिसमें 1.31 करोड़ इक्विटी शेयर जारी किए जाएंगे। कंपनी ने इसका प्राइस बैंड 120 से 127 रुपये प्रति शेयर तय किया है। यह इश्यू 27 जुलाई तक खुला रहेगा।
Also Read | SME IPO Alert: Metalic Technoforge IPO सब्सक्रिप्शन के लिए खुला; जानें प्राइस बैंड, GMP और पूरी डीटेल
इसी दिन Lohia Corp IPO भी खुलेगा। यह पूरी तरह ऑफर फॉर सेल (OFS) आधारित इश्यू है, जिसमें 2.59 करोड़ शेयर बिक्री के लिए पेश किए जाएंगे। हालांकि, कंपनी ने अभी तक इसका प्राइस बैंड घोषित नहीं किया है। निवेशक इसमें 27 जुलाई तक आवेदन कर सकेंगे।
वहीं, Indo-MIM IPO भी 23 जुलाई से खुलेगा। इस इश्यू में 500 करोड़ रुपये का फ्रेश इश्यू और 6.83 करोड़ शेयरों का ऑफर फॉर सेल शामिल है। कंपनी ने अभी इसका प्राइस बैंड घोषित नहीं किया है। यह इश्यू भी 27 जुलाई को बंद होगा।
इस सप्ताह शेयर बाजार में SBI Funds Management के शेयरों ने अच्छी शुरुआत की। कंपनी का शेयर NSE पर मंगलवार (21 जुलाई) को 613.30 रुपये और BSE पर 610 रुपये पर लिस्ट हुआ।
कंपनी का IPO 574 रुपये प्रति शेयर के इश्यू प्राइस पर आया था। इस हिसाब से NSE पर निवेशकों को करीब 6.85 प्रतिशत और BSE पर 6.27 प्रतिशत का लिस्टिंग गेन मिला।
लिस्टिंग के बाद शेयर में और तेजी देखने को मिली। कारोबार के दौरान यह NSE पर 624.90 रुपये और BSE पर 622.65 रुपये तक पहुंच गया, जो इश्यू प्राइस के मुकाबले लगभग 9 प्रतिशत तक की बढ़त दर्शाता है।
Alpine Texworld के शेयरों की बाजार में शुरुआत मंगलवार को उम्मीद के मुताबिक नहीं रही। कंपनी के शेयर 105 रुपये के इश्यू प्राइस पर ही NSE और BSE दोनों एक्सचेंजों पर सूचीबद्ध हुए, जिससे निवेशकों को कोई लिस्टिंग गेन नहीं मिला।
लिस्टिंग के कुछ ही समय बाद शेयर में बिकवाली बढ़ी और यह 5 प्रतिशत की गिरावट के साथ 99.75 रुपये पर लोअर सर्किट में पहुंच गया। इसके बाद शेयर में कारोबार रोक दिया गया।
आने वाले दिनों में कुछ और IPO शेयर बाजार में दस्तक देंगे। Sotefin Bharat IPO की संभावित लिस्टिंग 23 जुलाई को BSE SME प्लेटफॉर्म पर होगी। वहीं, Caliber Mining & Logistics IPO के शेयरों की संभावित लिस्टिंग 24 जुलाई को NSE और BSE पर होने की उम्मीद है।