बाजार

अगस्त में किन सेक्टरों में बनेगा पैसा? Realty और Auto पर बुलिश, IT पर ब्रोकरेज ने क्यों किया सावधान?

अगस्त में किन सेक्टरों में निवेश के बेहतर मौके बन सकते हैं? Systematix की रिपोर्ट के मुताबिक Realty, Auto और Healthcare सेक्टर मजबूत दिख रहे हैं

Published by
देवव्रत वाजपेयी   
Last Updated- July 30, 2026 | 8:38 AM IST

August Strategy: जुलाई में शेयर बाजार में उतार-चढ़ाव के बावजूद कई सेक्टरों ने शानदार प्रदर्शन किया। अब सवाल यह है कि अगस्त में निवेशकों को किन सेक्टरों पर दांव लगाना चाहिए। ब्रोकरेज फर्म Systematix का मानना है कि आने वाले दिनों में पूरे बाजार की बजाय चुनिंदा सेक्टर और शेयर बेहतर प्रदर्शन कर सकते हैं। ब्रोकरेज ने खासतौर पर रियल्टी, हेल्थकेयर और ऑटो सेक्टर को लेकर सकारात्मक राय दी है, जबकि आईटी, मेटल और ऑयल एंड गैस सेक्टर पर थोड़ी सावधानी बरतने की सलाह दी है।

Realty पर सबसे ज्यादा भरोसा

Systematix के मुताबिक इस समय सबसे मजबूत संकेत रियल्टी सेक्टर में दिख रहे हैं। इस सेक्टर में कीमतों के साथ-साथ निवेशकों की हिस्सेदारी भी बढ़ रही है। ब्रोकरेज का कहना है कि रियल्टी फिलहाल ऐसा सेक्टर है जहां खरीदारी का रुझान सबसे मजबूत नजर आ रहा है।

Auto बन सकता है नया लीडर

ब्रोकरेज का मानना है कि ऑटो सेक्टर ने तकनीकी रूप से मजबूत ब्रेकआउट दिया है। यही वजह है कि अगस्त में यह बाजार की अगुवाई करने वाले सेक्टरों में शामिल हो सकता है। अगर बाजार में तेजी रहती है तो ऑटो शेयरों में निवेशकों की दिलचस्पी और बढ़ सकती है।

Healthcare में भी खरीदारी जारी

रिपोर्ट के मुताबिक हेल्थकेयर सेक्टर में संस्थागत निवेशकों की खरीदारी लगातार बनी हुई है। ऐसे में इस सेक्टर में भी आगे अच्छी मजबूती देखने को मिल सकती है।

IT में तेजी आई, लेकिन…

जुलाई में आईटी शेयरों में अच्छी तेजी देखने को मिली। लेकिन Systematix का कहना है कि यह तेजी ज्यादातर शॉर्ट कवरिंग की वजह से आई है। यानी जिन निवेशकों ने गिरावट की उम्मीद में सौदे किए थे, उन्होंने अपनी पोजिशन काटी, जिससे शेयर तेजी से ऊपर चले गए। ऐसे में मौजूदा स्तर पर आईटी सेक्टर में जोखिम और रिटर्न का संतुलन पहले जितना आकर्षक नहीं रह गया है।

इन सेक्टरों से फिलहाल दूरी की सलाह

ब्रोकरेज ने कहा है कि मेटल, ऑयल एंड गैस और सर्विसेज सेक्टर में निवेशकों का भरोसा अभी कमजोर दिख रहा है। इन सेक्टरों में पोजिशन घटाई जा रही है, इसलिए फिलहाल यहां ज्यादा आक्रामक निवेश से बचने की सलाह दी गई है।

बाजार की चाल कैसी रह सकती है?

Systematix का कहना है कि जुलाई एक्सपायरी के बाद बाजार में पहले के मुकाबले लीवरेज कम हुआ है। इससे बड़े उतार-चढ़ाव का खतरा कुछ कम हुआ है, लेकिन फिलहाल बाजार में किसी एक दिशा में बड़ी चाल के संकेत भी नहीं हैं। ब्रोकरेज का मानना है कि निफ्टी 23,500 से 24,500 के दायरे में रह सकता है। इस दायरे से ऊपर या नीचे निकलने के बाद ही बाजार की अगली बड़ी दिशा तय होगी।

अगस्त के लिए ब्रोकरेज की पसंद

Systematix ने अगस्त के लिए कुछ पसंदीदा शेयर भी बताए हैं। इनमें TVS Motor, Oberoi Realty, 360 ONE, Indian Hotels और Biocon शामिल हैं। वहीं BPCL को ब्रोकरेज ने एक ऐसा शेयर बताया है जिस पर नजर रखी जा सकती है, क्योंकि इसमें आगे अच्छा मौका बन सकता है।

(डिस्क्लेमर: यहां दी गई राय ब्रोकरेज की है। बिज़नेस स्टैंडर्ड इन विचारों से सहमत होना जरूरी नहीं समझता और निवेश से पहले पाठकों को अपनी समझ से फैसला करने की सलाह देता है।)

First Published : July 30, 2026 | 8:27 AM IST