भारत

भाजपा के लिए 2019 के प्रदर्शन को दोहराना मुश्किल: थरूर

थरूर एबीपी नेटवर्क के ‘आइडियाज ऑफ इंडिया शिखर सम्मेलन 3.0’ में ‘सहयोगात्मक संघवाद: राज्यों का दृष्टिकोण’ विषय पर अपनी बात रख रहे थे।

Published by
भाषा   
Last Updated- February 23, 2024 | 10:55 PM IST

कांग्रेस नेता शशि थरूर ने शुक्रवार को कहा कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के लिए 2019 के चुनावी प्रदर्शन को दोहराना मुश्किल है क्योंकि वह पहले ही कई राज्यों में अधिकतम सीट प्राप्त कर चुकी है और आगामी चुनाव में उसके प्रदर्शन में ‘‘गिरावट’’ आएगी। उन्होंने दावा किया कि भाजपा का ‘संतोष’ ही विपक्ष की ताकत है।

थरूर एबीपी नेटवर्क के ‘आइडियाज ऑफ इंडिया शिखर सम्मेलन 3.0’ में ‘सहयोगात्मक संघवाद: राज्यों का दृष्टिकोण’ विषय पर अपनी बात रख रहे थे। सत्र में हिस्सा लेते हुए भाजपा सांसद विनय सहस्रबुद्धे ने कहा कि आगामी लोकसभा चुनाव में उनकी पार्टी का लक्ष्य 370 सीट पर जीत दर्ज करना है। कांग्रेस नेता ने कहा कि इस बात को लेकर बहुत संदेह है कि क्या भाजपा जो अनुमान लगा रही है उसके करीब भी पहुंच पाएगी।

थरूर ने कहा, ‘‘वे 2019 में अपने चरम पर थे। हमें उनके प्रदर्शन में गिरावट के अलावा कुछ नहीं देखने को मिलेगा। इसमें कितनी गिरावट आने वाली है, यह इस बात पर निर्भर करता है कि विपक्षी अभियान कितना प्रभावी है, जो अभी गति पकड़ रहा है।’’

उन्होंने कहा कि 2019 में भाजपा ने पूरी हिंदी पट्टी में ‘‘बहुत अच्छा’’ प्रदर्शन किया जहां वह मजबूत है। कांग्रेस नेता ने कहा कि इसने हरियाणा, राजस्थान की सभी सीट पर, मध्य प्रदेश और कर्नाटक में एक सीट को छोड़कर बाकी सभी सीट पर जीत दर्ज की जबकि पश्चिम बंगाल, महाराष्ट्र और बिहार में उसे बड़ी सफलता मिली। भाजपा ने 2019 में 303 सीट पर जीत दर्ज की थी।

First Published : February 23, 2024 | 10:55 PM IST (बिजनेस स्टैंडर्ड के स्टाफ ने इस रिपोर्ट की हेडलाइन और फोटो ही बदली है, बाकी खबर एक साझा समाचार स्रोत से बिना किसी बदलाव के प्रकाशित हुई है।)