प्रतीकात्मक तस्वीर | फाइल फोटो
मेटा ने आज फिनटेक फर्म क्रेड में 90 करोड़ डॉलर के निवेश का ऐलान किया। साथ ही इसके संस्थापक कुणाल शाह को व्हाट्सऐप का नया वैश्विक प्रमुख नियुक्त किया गया है। इस कदम से सोशल मीडिया दिग्गज के लिए भारत के रणनीतिक महत्त्व का पता चलता है।
इस निवेश के साथ मेटा को क्रेड में अल्पांश हिस्सेदारी मिलेगी। इसके बाद कंपनी का मूल्यांकन 4.5 अरब डॉलर (43,239 करोड़ रुपये) हो जाएगा। यह क्रेड का रकम जुटाने का ‘एच’ दौर है और इसमें प्राथमिक तथा द्वितीयक शेयर खरीद का संयोजन है। शेयर बाजार में सूचीबद्धता की दिशा में बढ़ने से पहले यह कंपनी द्वारा रकम जुटाने का अंतिम दौर हो सकता है।
विल कैथकार्ट की जगह शाह का वैश्विक प्रमुख बनना बाजार के तौर पर भारत की अहमियत बताता है। यहां व्हाट्सऐप के सबसे ज्यादा उपयोगकर्ता हैं। साथ ही मेटा एक ऐसे भारतीय उद्यमी पर दांव लगा रही है जिसने दो सफल कारोबार तैयार किए है। हाल में एक फिनटेक कंपनी और उससे पहले फ्रीचार्ज, जो प्रमोशनल ऑफर से जुड़ी थी।
रकम जुटाने का सीरीज एच का यह दौर क्रेड को तेजी से बढ़ने, मजबूत संस्थागत ढांचा बनाने तथा अपने नेतृत्व को और बढ़ाने में मदद करेगा। कुणाल मेटा की वैश्विक नेतृत्व टीम में शामिल होंगे। वह भारत की सिलिकन वैली बेंगलूरु से मेटा के कैलिफोर्निया के मेनलो पार्क स्थित वैश्विक मुख्यालय चले जाएंगे।
20 प्रतिशत हिस्सेदारी के साथ मेटा को भारतीय फिनटेक तंत्र में भी पैर जमाने की जगह मिल गई है। मई 2026 तक यूनिफाइड पेमेंट्स इंटरफेस (यूपीआई) तंत्र में बाजार हिस्सेदारी के मामले में व्हाट्सऐप नौवें स्थान पर है। हालांकि व्हाट्सऐप ने साल 2020 में अपने उपयोगकर्ताओं के लिए यूपीआई की पेशकश के साथ भारत के भुगतान सेवा क्षेत्र में प्रवेश किया था, लेकिन उपयोगकर्ताओं को जोड़ने के मामले में कुछ सीमाएं थीं। एनपीसीआई ने व्हाट्सऐप पे को यूपीआई पर सिलसिलेवार तरीके से आने की अनुमति दी।