प्रतीकात्मक तस्वीर | फाइल फोटो
भारत अगले महीने टोकनयुक्त कॉरपोरेट बॉन्ड पेश करने की तैयारी में है। इस मामले से जुड़े 3 सूत्रों ने सोमवार को बताया कि बॉन्ड लेनदेन के तत्काल निपटान को सक्षम बनाने के लिए ब्लॉकचेन तकनीक के उपयोग का परीक्षण चल रहा है।
बिजली क्षेत्र के लिए धन मुहैया कराने वाले सरकारी फाइनैंसर आरईसी की ओर से ये नोट्स जारी किए जाएंगे और तकनीक और निपटान के लिए इसका उपयोग करने के मामले में भारत अब यूरोप और हॉन्गकॉन्ग जैसे बाजारों की श्रेणी में शामिल हो जाएगा।
टोकनयुक्त बॉन्ड ऐसी सिक्योरिटीज हैं, जिनका स्वामित्व, निर्गम, व्यापार और निपटान ब्लॉकचेन या वितरित लेजर पर डिजिटल रूप से दर्ज किया जाता है, जिससे लेनदेन लगभग तुरंत पूरा हो जाता है।
सूत्रों का कहना है कि भारत का बाजार नियामक और केंद्रीय बैंक इस तकनीक को बढ़ावा देने पर मिलकर काम कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि इस पर अभी चर्चा जारी है और इस मामले को सार्वजनिक नहीं किया जा सकता है। सूत्रों ने कहा कि इस पेशकश में आरईसी 5 अरब रुपये से कम मूल्य के टोकनयुक्त बॉन्ड जारी करेगा। सूत्रों में से एक ने कहा कि इस पेशकश के अगले महीने मुंबई में एक वार्षिक वित्तीय प्रौद्योगिकी कार्यक्रम में अनावरण किए जाने की उम्मीद है। एक अन्य सूत्र ने कहा कि टोकनयुक्त बॉन्ड खरीदने के लिए सेंट्रल बैंक डिजिटल करेंसी का उपयोग किया जाएगा।