निर्यात 51 प्रतिशत रहने के आसार : एक्सिम बैंक

Published by
बीएस संवाददाता
Last Updated- December 11, 2022 | 10:53 PM IST

भारत का विदेशी व्यापार निर्यात दिसंबर 2021 में समाप्त होने जा रहे चालू वित्त वर्ष के पहले नौ महीनों में पिछले वर्ष की समान अवधि के मुकाबले 51 फीसदी बढ़कर करीब 303.98 अरब डॉलर रहने की उम्मीद है। यह अनुमान भारतीय निर्यात-आयात बैंक ने जताया है।
इसमें से गैर-तेल निर्यात 258.78 अरब डॉलर का रह सकता है जो अप्रैल से दिसंबर, 2020 की अवधि के मुकाबले 40.9 फीसदी अधिक है।
भारत के निर्यातों में उछाल के लिए मोटे तौर पर बड़ी अर्थव्यवस्थाओं में वृद्घि की लय बरकरार रहने और उसके परिणामस्वरूप वैश्विक आयात की मांग में वृद्घि के साथ साथ अच्छी वैश्विक जिंस कीमतों को जिम्मेदार माना जा सकता है।          
लगातार दूसरी तिमाही में कुल माल निर्यात 100 अरब डॉलर के आंकड़े को पार सकता है। यह अक्टूबर-दिसंबर तिमाही में 105.8 अरब डॉलर तक पहुंच सकता है जो वित्त वर्ष 2021 की तीसरी तिमाही में किए गए कुल 75.8 अरब डॉलर के निर्यातों से अधिक है। बैंक ने कहा कि वित्त वर्ष 2022 की तीसरी तिमाही में गैर-तेल निर्यात 89.1 अरब डॉलर रहने का अनुमान है जो अक्टूबर-दिसंबर 2020 में 70.3 अरब डॉलर का रहा था।
यह अनुमान इंडिया एक्जिम बैंक्स एक्सपोर्ट लीडिंग इंडेक्स (ईएलआई) मॉडल पर आधारित है जिसमें समान तिमाही में वृद्घि नजर आई है।

First Published : December 13, 2021 | 11:35 PM IST