बंद मिलों की जमीन पर गोदाम

Published by
बीएस संवाददाता
Last Updated- December 12, 2022 | 10:53 AM IST

ऑनलाइन ग्राहकों को तेजी से डिलिवरी देने की बढ़ती मांग को देखते हुए पुणे की एफएम लॉजिस्टिक इंडिया मुंबई, दिल्ली और बेंगलूरु में कुछ बेकार पड़ी मिलों का इस्तेमाल कर इंट्रा सिटी वेयरहाउसिंग यूनिट स्थापित करने पर विचार कर रही है।  
कंपनी ने एक बयान में कहा है कि वह मुंबई में एक बंद पड़ी मिल के मालिक से इस सिलसिले में चर्चा कर रही है, वहीं दिल्ली और बेंगलूरु में इस तरह की परियोजनाओं के लिए संभावना तलाश रही है।
कंपनी की विज्ञप्ति में एफएम लॉजिस्टिक इंडिया के प्रबंध निदेशक अलेक्सांद्रे एमीने सूफियानी के हवाले से कहा गया है कि इसके अलावा कंपनी पूरी तरह से नए इंट्रा सिटी वेयरहाउसिंग सुविधा खोलने पर भी विचार कर रही है।
फ्रेंच 3पीएल (थर्ड पार्टी लॉजिस्क्सि) कंपनी ने पुणे की एक वेयरहाउसिंग फर्म स्पेयर लॉजिस्टिक का 2016 में अधिग्रहण कर भारत के बाजार में कदम रखा था।
कोविड-19 के बाद इंट्रा सिटी वेयरहाउसिंग सुविधा अनिवार्य हो गई है, जिससे कि उपभोक्ताओं को ऑर्डर करने के कुछ घंटे के भीतर वस्तुओं की डिलिवरी दी जा सके, लेकिन सूफियानी ने कहा कि शहरों में जमीन महंगी है।
कंपनी ई-कॉमर्स और ओमनी चैनल रिटेल कंपनियों के साथ साझेदारी करेगी और उन्हें इन्ट्रा सिटी वेयरहाउसों के साथ मल्टी कस्टमर सुविधाएं मुहैया कराएगी। एफएम लॉजिस्टिक इंडिया की 90 स्थलों पर मौजूदगी है और वह एफएमसीजी, रिटेल, ऑटोमोटिव, ई-कॉमर्स, इंजीनियरिंग, टेलीकॉम और फार्मा के अलावा अन्य क्षेत्रों के लिए वेयरहाउसिंग व डिस्ट्रीब्यूशन लॉजिस्टिक सेवाएं मुहैया कराती है।
उन्होंने कहा, ‘मुंबई में हम एक मिल मालिक से बात कर रहे हैं। इसके लिए हम सभी पहलुओं को देख रहे हैं और सुरक्षा मानकों के अनुपालन पर विचार कर रहे हैं क्योंकि हम कम से कम सुरक्षा से जुड़े पहलुओं पर किसी तरह का समझौता नहीं करना चाहते हैं।’
सूफियानी ने कहा कि दो मॉडल हैं, एक के तहत बंद पड़ी मिल की जमीन या बीमार फैक्टरी की जमीन को पट्टे पर लेना, फायर अलार्म व उचित निकासी द्वार सहित सभी सुरक्षा मानकों के साथ उनमें सुधार करना और उन्हें इंट्रा सिटी वेयरहाउस की तरह इस्तेमाल करना और दूसरा मॉडल क्षैतिज के बयाज ऊध्र्वाधर विकास है, जिससे जमीन की समस्या से निपटा जा सके, यह दोनों खर्चीली व्यवस्था है।
उन्होंने कहा, ‘कम जमीन की जरूरत के अलावा ऊध्र्वाधर गोदाम सुविदा में विभिन्न ग्राहकों को अलग करने की कम संभावना मिलती है और इससे दवा जैसे क्षेत्रों के कोल्ड स्टोरेज के मामलों में लाभ होता है।’

First Published : December 17, 2020 | 11:52 PM IST