हुंडई में भी बज रहा हड़ताल का हॉर्न

Published by
बीएस संवाददाता
Last Updated- December 11, 2022 | 10:00 AM IST

देश की सबसे बड़ी कार निर्यातक कंपनी हुंडई मोटर इंडिया भी कामगारों की हड़ताल से परेशान है।
कंपनी के यहां अन्ना सलाई स्थित संयंत्र में श्रम कार्यालय की मांग को लेकर हड़ताल पर बैठे मजदूरों ने अपना विरोध तेज कर दिया है। इसकी वजह से कंपनी के इस संयंत्र में 300 कर्मचारियों को आज गिरफ्तार भी कर लिया गया।
कामगारों का साथ दे रहे श्रम संगठन सीटू के 500 प्रदर्शनकारी भी सड़क जाम करने के मामले में हिरासत में ले लिए गए। हुंडई मोटर इंडिया कर्मचारी संघ के सदस्य श्रम मामलों को सुलझाने की मांग कर रहे हैं और इसी वजह से वेश्रीपेरुंबुदूर संयंत्र में 20 अप्रैल से हड़ताल पर बैठे हैं।
इस बीच कंपनी ने भी यह स्वीकार किया है कि हड़ताल से उसके उत्पादन पर असर पड़ रहा है, लेकिन उसने यह उम्मीद भी जताई कि जल्द ही हड़ताल खत्म हो जाएगी। कंपनी के वरिष्ठ उपाध्यक्ष (मार्केटिंग एवं सेल्स) अरविंद सक्सेना ने बताया, ‘चेन्नई के संयंत्र में कुछ लोग ही हड़ताल में शामिल हुए हैं। इससे रोजाना होने वाला उत्पादन करीब 3-4 फीसदी कम हो गया है, जो बेहद मामूली है।’
लेकिन उन्होंने कामगारों की मांगों के बारे में कुछ भी बोलने से इनकार कर दिया। उन्होंने कहा, ‘प्रबंधन उनसे बात कर रहा है। कुछ ही दिनों में यह मामला सुलझ जाना चाहिए।’ कामगारों की यूनियन 20 अप्रैल से ही कामगारों से जुड़े मामलों पर हड़ताल कर रही है। इस मसले पर उसने 4 मई को अनशन भी किया। लेकिन कंपनी प्रवक्ता के मुताबिक अनशन के पहले दिन भी 90 फीसदी उत्पादन हुआ।
रूठ गए कामगार
हुंडई के श्रीपेरुंबदूर संयंत्र में चल रही है कई दिन से हड़ताल
300 कर्मचारियों को किया गया गिरफ्तार
कंपनी ने किया दावा, मामूली असर और जल्द होगा समाधान

First Published : May 7, 2009 | 12:19 AM IST